न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- विजयादशमी के मौके पर बिहार के कई इलाकों में मौसम ने त्योहार की खुशी में खलल डाला। पटना, गया, बेगूसराय, हाजीपुर, मुंगेर, दरभंगा सहित अन्य शहरों में रावण दहन के दौरान हुई बारिश ने आयोजनों को प्रभावित किया। कहीं रावण का पुतला ठीक से नहीं जल पाया तो कहीं बारिश के कारण पुतले क्षतिग्रस्त हो गए।
पटना में बारिश से झुका रावण का पुतला
राजधानी पटना के गांधी मैदान में 80 फीट ऊंचे रावण के पुतले का सिर तेज हवा और बारिश के कारण पीछे की ओर झुक गया। भारी बरसात के बावजूद शाम को कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
यह भी पढ़े:- “सुधार गृह से आया हूं पर सुधरा नहीं हूं”: सांसद के बयान पर आजम
बारिश और तेज हवाओं के कारण सोने की लंका का पुतला भी ढह गया। इस कार्यक्रम में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उपस्थित थे।
गया और दरभंगा में भी बरसात ने डाला असर
गया में रावण के पुतले को सही आग न लग पाने के कारण गिराकर जलाना पड़ा। दरभंगा में बारिश से कीचड़ फैल गया था, जिससे पुतला बार-बार गिरता रहा। क्रेन और बांस-बल्लों की मदद से पुतला खड़ा कर जलाया गया। यह प्रक्रिया लगभग 4 घंटे तक चली।
अन्य जिलों की दशहरा रिपोर्ट
बेगूसराय में भारी बारिश के बीच रावण दहन हुआ। हाजीपुर में बारिश की वजह से कार्यक्रम प्रभावित हुए। भागलपुर और पूर्णिया में मौसम ने राहत दी, पूर्णिया में सांसद पप्पू यादव ने तीर चलाकर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले जलाए। मुजफ्फरपुर के पंसलवा चौक में हल्की बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
कैमूर जिले में बारिश से दिक्कत
जिले के कई इलाकों में झमाझम या रिमझिम बारिश हुई, जिससे दशहरा उत्सव में कमी आई। ग्रामीण इलाकों से शहर की ओर कम लोग आए। हालांकि शहर में श्रद्धालुओं की अच्छी संख्या रही। अधौरा क्षेत्र में बारिश के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही, शाम को पुनः आपूर्ति शुरू हुई। भभुआ, भगवानपुर, चैनपुर, रामपुर और चांद में भी बारिश हुई।
सहरसा में बरसात के बाद भी रहा उत्साह बरकरार
सहरसा के एमएलटी कॉलेज परिसर में भारी भीड़ के बीच रावण का दहन किया गया। बारिश के चलते कार्यक्रम को लेकर कुछ समय तक अनिश्चितता बनी रही, लेकिन शाम लगभग 7 बजे रावण दहन समारोह संपन्न हुआ। मैदान में जमा पानी के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।
डिस्क्लेमर:
यह रिपोर्ट सार्वजनिक रूप से उपलब्ध सूचनाओं एवं घटनाओं के आधार पर तैयार की गई है। इसमें दी गई जानकारियां स्थानीय स्रोतों और मीडिया रिपोर्ट्स पर निर्भर हैं। किसी भी प्रकार की त्रुटि या अधूरी जानकारी के लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं। पाठकों से अनुरोध है कि वे आवश्यकतानुसार स्वतंत्र जांच कर अपनी राय बनाएं।



