न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- कांग्रेस पार्टी ने पंजाब में एक बड़े राजनीतिक विवाद के बीच नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई उस बयान के बाद हुई जिसमें उन्होंने दावा किया था कि “500 करोड़ रुपये का सूटकेस देने वाला ही मुख्यमंत्री बनता है।”
क्या था विवादित बयान?
राज्य की कानून-व्यवस्था और अन्य मुद्दों को लेकर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात के बाद नवजोत कौर सिद्धू ने मीडिया से कहा था कि “हम हमेशा पंजाब और पंजाबियत की बात करते हैं, लेकिन हमारे पास मुख्यमंत्री बनने के लिए 500 करोड़ का सूटकेस देने की क्षमता नहीं है।”
उन्होंने यह भी कहा कि किसी ने उनसे पैसा नहीं मांगा, लेकिन “जो 500 करोड़ का सूटकेस देता है, वही मुख्यमंत्री बन जाता है।”
सफाई भी काम नहीं आई
विवाद बढ़ने के बाद नवजोत कौर ने सोशल मीडिया पर सफाई दी कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल यह कहा था कि कांग्रेस ने उनसे कभी कुछ नहीं मांगा और न ही उनके पास किसी को देने के लिए ऐसा पैसा है।
यह भी पढ़े:- MP में मंत्री का भाई गांजा तस्करी में गिरफ्तार, धान की बोरियों में छिपाकर रखा था लाखों का माल
लेकिन यह सफाई कांग्रेस हाईकमान को संतुष्ट नहीं कर पाई और उनसे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छीन ली गई।
विपक्ष का कांग्रेस पर हमला
उनके बयान पर भाजपा और आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को घेरते हुए दावा किया कि इससे पार्टी की “अंदरूनी सच्चाई” उजागर हो गई है। दोनों दलों ने कांग्रेस पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू का बड़ा बयान
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी नवजोत कौर के बयान का समर्थन कर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि,
“जब मेरे दादाजी मुख्यमंत्री थे तब कांग्रेस में ऐसी चीजें नहीं होती थीं। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में स्थिति बदल गई है। इसी वजह से मेरे जैसे लोग पार्टी छोड़ चुके हैं।”
इसके साथ ही बिट्टू ने कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे पर भी सवाल उठाए और कहा कि उन्हें नहीं लगता कांग्रेस इस मामले की जांच कराएगी। उन्होंने अपने पुराने अनुभवों का हवाला देते हुए कई गंभीर आरोप भी लगाए।
इस पूरे मामले ने पंजाब की राजनीति में हलचल मचा दी है और कांग्रेस के लिए नया सिरदर्द खड़ा कर दिया है।



