उत्तरकाशी (उत्तराखंड)/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में मंगलवार देर रात भयंकर बादल फटने की घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में तबाही मचा दी है। घटना हर्षिल आर्मी कैंप के पास की है, जहां आसमान से कहर बरसा और महज 20 सेकंड में पूरा इलाका मलबे में तब्दील हो गया।
हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 60 से अधिक लोगों के लापता होने की आशंका है। करीब 100 से ज्यादा लोग अभी भी फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए भारतीय सेना, ITBP, NDRF और SDRF की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं।
20 सेकंड का वीडियो: चीखते-चिल्लाते दिखे लोग
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह देखते ही देखते मलबा, पानी और पत्थरों की धारा धराली कस्बे की गलियों में बहने लगती है। लोग चीखते-भागते नजर आते हैं और कई घर व दुकानें मलबे में समा जाती हैं।
होटल, रेस्टोरेंट, घर सब डूबे मलबे में
बादल फटने से खीरगाढ़ नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे कस्बे के कई होटल, घर और बाजार क्षेत्र तेजी से आई बाढ़ में बह गए। बाढ़ का पानी और मलबा कई होटलों और दुकानों के अंदर तक घुस गया। स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी नुकसान हुआ है।
सेना, NDRF, ITBP की टीमें राहत कार्य में लगीं
घटना के 10 मिनट बाद ही सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई, और तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया गया।
- 150 भारतीय सेना के जवान
- ITBP की 3 टीमें
- NDRF की 4 टीमें
- SDRF और जिला प्रशासन — सभी लगातार राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं।
हेल्पलाइन नंबर जारी
उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने आपात स्थिति में संपर्क के लिए ये हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:01374-222126, 01374-222722,9456556431
सीएम धामी और गृह मंत्री अमित शाह की प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत-बचाव कार्य तेज़ी से चल रहा है और सभी एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने अपना पूर्व निर्धारित दौरा रद्द कर तत्काल देहरादून रवाना हो गए हैं।
गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री से बात कर स्थिति की जानकारी ली और ट्वीट कर बताया कि ITBP और NDRF की टीमें भेजी जा चुकी हैं, जो जल्द मौके पर पहुंचेंगी और स्थानीय प्रशासन की मदद करेंगी।
DM उत्तरकाशी का बयान
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि “अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। 100 से अधिक लोग फंसे हो सकते हैं। घटनास्थल के आसपास कई होटल और रेस्टोरेंट हैं, जहां पर्यटक भी फंसे हो सकते हैं। सभी रेस्क्यू एजेंसियां मौके पर रवाना कर दी गई हैं।”
सरकार ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में न जाएं, अफवाहों से बचें और ज़रूरत पड़ने पर केवल अधिकृत हेल्पलाइन नंबरों 01374-222126, 01374-222722,9456556431 से संपर्क करें।



