न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- केंद्र सरकार ने 10 साल बाद केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना (CGHS) में बड़ा बदलाव करते हुए नई दरें लागू करने की घोषणा की है। ये 13 अक्टूबर 2025 से प्रभावी होंगी और इससे करीब 46 लाख कर्मचारी और पेंशनर्स को लाभ होगा। दरें अब अस्पताल की गुणवत्ता, शहर की श्रेणी और मरीज के वार्ड टाइप के आधार पर तय होंगी।
क्यों था यह बदलाव ज़रूरी?
पिछले कई सालों से सरकारी कर्मचारी और पेंशनर्स शिकायत कर रहे थे कि CGHS से जुड़े अस्पताल कैशलेस इलाज देने से इनकार करते हैं। मरीजों को पहले इलाज के पैसे खुद देने पड़ते थे और फिर महीनों बाद रिफंड मिलता था। दूसरी ओर, निजी अस्पतालों का कहना था कि पुरानी दरें बहुत कम थीं और मौजूदा मेडिकल खर्चों के अनुसार नहीं थीं। बता दें कि आखिरी बार CGHS की दरों में बड़ा बदलाव 2014 में किया गया था। तब से अब तक सिर्फ छोटे सुधार हुए थे, कोई व्यापक संशोधन नहीं हुआ था।
सरकारी कर्मचारियों की मांग का असर
अगस्त 2025 में कर्मचारी यूनियनों ने ज्ञापन सौंपा, जिसमें CGHS से जुड़ी परेशानियों को उठाया गया था। इसके बाद सरकार ने दरों में संशोधन का ऐतिहासिक निर्णय लिया।
नई CGHS दरें कैसे तय होंगी?
| आधार | असर |
|---|---|
| हॉस्पिटल का एक्रेडिटेशन | NABH/NABL प्रमाणित अस्पतालों को 15% अधिक दरें मिलेंगी, गैर-पात्र को 15% कम |
| अस्पताल का प्रकार | सुपर स्पेशियलिटी को 15% अधिक दरें |
| शहर की श्रेणी (X, Y, Z) | Y शहर: 10% कम, Z शहर: 20% कम |
| वार्ड टाइप | प्राइवेट वार्ड: 5% अधिक, जनरल वार्ड: 5% कम |
CGHS पैकेज में क्या-क्या शामिल रहेगा?
- भर्ती शुल्क व बेड चार्ज
- दवाएं, एनेस्थीसिया, टेस्ट
- डॉक्टर की फीस, ICU/OT शुल्क
- ब्लड ट्रांसफ्यूजन, फिजियोथेरेपी
- ऑपरेशन, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर सुविधा
नोट: OPD, रेडियोथैरेपी, डेकेयर, कैंसर सर्जरी जैसी सेवाओं की दरें पहले जैसी ही रहेंगी।
यह भी पढ़े:–बिहार विधानसभा चुनाव के साथ देश के 7 राज्यों में उपचुनाव,जानें…
समय सीमा और नियम:
सभी अस्पतालों को 13 अक्टूबर तक नई दरें स्वीकार करनी होंगी। 90 दिनों के भीतर नया MoA (समझौता) साइन करना अनिवार्य होगा। ऐसा न करने वाले अस्पतालों को CGHS सूची से हटाया जा सकता है।
क्या होगा सीधा फायदा?
- मरीजों को अब कैशलेस इलाज में आसानी होगी
- अस्पतालों को उचित दरों पर भुगतान
- रिफंड प्रक्रिया में देरी खत्म
- CGHS प्रणाली होगी अधिक पारदर्शी और भरोसेमंद



