न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के जन्मदिन पर गुरुवार को शक्ति प्रदर्शन जैसा नजारा देखने को मिला। इस मौके पर सैकड़ों गाड़ियों का भव्य जश्न जुलूस निकाला गया, जिसमें खुली जीप में सवार बृजभूषण शरण सिंह पर जगह-जगह फूलों की बारिश की गई। खास बात यह रही कि स्वागत के लिए बुलडोजर के जरिए भी पुष्पवर्षा की गई, जिसने पूरे आयोजन को चर्चा में ला दिया।
जन्मोत्सव के दौरान संतों का आशीर्वाद, राष्ट्र कथा महोत्सव का समापन और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। आयोजन के जरिए पूर्व सांसद का क्षेत्र में मजबूत जनाधार और दबदबा साफ नजर आया।
राष्ट्र कथा महोत्सव का विधिवत समापन
सरयू तट स्थित नंदिनी निकेतन में 1 जनवरी से आयोजित राष्ट्र कथा महोत्सव का समापन बृजभूषण शरण सिंह के जन्मोत्सव के अवसर पर पूरे विधि-विधान के साथ किया गया। कथा विराम के बाद सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज ने विशेष उद्बोधन में गोमाता संरक्षण और गोपालन पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि “दसवीं शताब्दी से पहले भारत विश्वगुरु था और इसका प्रमुख कारण गोमाता का सम्मान था। जब तक हर भारतीय घर में गोमाता को पूजनीय स्थान नहीं मिलेगा, तब तक भारत पुनः विश्वगुरु नहीं बन सकता।”
सुबह से ही लगा बधाई देने वालों का तांता
विश्नोहरपुर स्थित पूर्व सांसद के आवास पर तड़के करीब तीन बजे से ही समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ जुटने लगी। फूल-मालाओं और उपहारों के साथ लोगों ने जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद बृजभूषण शरण सिंह फूलों से सजी खुली जीप में सवार होकर सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ नंदिनी निकेतन पहुंचे।
यह भी पढ़े:- ED पर चोरी का आरोप: I-PAC ने दर्ज कराई पुलिस शिकायत, हाई कोर्ट पहुंचा मामला
रास्ते में नवाबगंज और आसपास के इलाकों में जगह-जगह फूलों की वर्षा और “जन्मदिन मुबारक” के नारों से उनका जोरदार स्वागत किया गया।
संतों का आशीर्वाद और गौ-पूजन
नंदिनी निकेतन पहुंचकर पूर्व सांसद ने गोमाता नंदिनी और महाराज रघु की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। अयोध्या समेत विभिन्न स्थानों से आए हजारों संत-महंतों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने गोमाता की परिक्रमा कर विधिवत पूजा-अर्चना की।
ढाई करोड़ रुपये का रेस घोड़ा मिला उपहार में
जन्मदिन के अवसर पर हरियाणा के रविंद्र पाल सिंह चौहान और उनकी पत्नी संगीता सिंह चौहान ने बृजभूषण शरण सिंह को करीब ढाई करोड़ रुपये मूल्य का रेस घोड़ा भेंट किया। यह घोड़ा अब तक सात रेस में हिस्सा लेकर 22 लाख रुपये से अधिक की इनामी राशि जीत चुका है। घोड़ों और गौ-सेवा के शौकीन बृजभूषण शरण सिंह के अस्तबल में पहले से ही कई कीमती घोड़े मौजूद हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
जन्मोत्सव के अवसर पर थारू समाज के कलाकारों और बिहार की लोकगायन परंपरा से जुड़े कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। अवधी और भोजपुरी लोकगायन की चर्चित कलाकार हेमा पाण्डेय और सविता पाण्डेय, साथ ही गुरूवचन सिंह, गगनदीप सिंह और गुड्डू पाण्डेय ने भक्ति और लोकधुनों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके अलावा रघुविद्यापीठ इंदिरापुरम और नंदिनी विद्यालय की छात्राओं की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का दिल जीत लिया।



