स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारत-पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को होने वाले एशिया कप मुकाबले से पहले, एक बार फिर शाहिद अफरीदी अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। पाकिस्तानी टीम के पूर्व कप्तान ने एक टीवी इंटरव्यू के दौरान भारतीय पूर्व खिलाड़ियों पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा है, जिससे विवाद खड़ा हो गया है।
WCL में मैच रद्द होने पर नाराज़गी
अफरीदी ने ‘समा टीवी’ पर बात करते हुए कहा कि,”मैंने हमेशा कहा है कि क्रिकेट को चलते रहना चाहिए, यह दोनों देशों के रिश्तों को सुधार सकता है। इंग्लैंड में WCL के मैच के टिकट बिक चुके थे, खिलाड़ी तैयार थे, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने खेलने से इनकार कर दिया। आखिर सोच क्या थी?“
गौरतलब है कि कुछ समय पहले इंग्लैंड में हुए वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीग्स (WCL) में भारतीय टीम ने पाकिस्तान चैंपियंस के साथ मैच खेलने से इनकार कर दिया था। इसके पीछे कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और भारतीयों में गुस्से को कारण बताया गया था।
भारतीय खिलाड़ियों को लेकर तीखे शब्द
बिना नाम लिए अफरीदी ने इशारा शिखर धवन और इरफान पठान जैसे खिलाड़ियों की ओर किया। उन्होंने कहा:”अगर मैं नाम लूंगा तो वो बेचारे फंस जाएंगे। जिस खिलाड़ी को मैंने ‘खराब अंडा’ कहा था, उसके कप्तान ने भी यही कहा था। अगर आप नहीं खेलना चाहते तो मत खेलिए, लेकिन सोशल मीडिया पर ट्वीट कर के ड्रामा मत कीजिए।“
भारत-पाक क्रिकेट पर उठ रहे सवाल
एशिया कप में भारत-पाक मैच के बहिष्कार की मांग उठ चुकी है। इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका भी दायर की गई थी, जिसे तत्काल सुनवाई से खारिज कर दिया गया। संसद और खेल मंत्रालय भी इस पर बयान दे चुके हैं।
खेल मंत्रालय ने साफ किया है कि भारत पाकिस्तान के साथ कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलेगा, लेकिन आईसीसी और एशिया कप जैसे बहुपक्षीय टूर्नामेंट में भाग लेना जारी रहेगा।
पुराने विवाद फिर दोहराए
अफरीदी ने अपने पुराने ‘खराब अंडा’ वाले बयान को दोहराते हुए भारतीयों के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा:”कुछ लोग हैं जो लगातार साबित करने में लगे हैं कि वो हिंदुस्तानी हैं। बेचारे जब से पैदा हुए हैं, तब से साबित कर रहे हैं। अब वो एशिया कप में कमेंट्री भी कर रहे हैं।“



