Wednesday, March 25, 2026

Buy now

spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो सकता है बांग्लादेश, ICC ने दी आखिरी चेतावनी, एक दिन की मोहलत

स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को सख्त संदेश दिया है। भारत में होने वाले 2026 टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश की जिद अब उस पर भारी पड़ती नजर आ रही है। आईसीसी ने साफ कर दिया है कि अगर बांग्लादेश भारत में अपने तय मुकाबले खेलने से इनकार करता है, तो उसे टूर्नामेंट से बाहर किया जा सकता है।

बुधवार को हुई आईसीसी बोर्ड की बैठक में बांग्लादेश की भागीदारी पर विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, बैठक में मौजूद अधिकांश सदस्य बांग्लादेश को हटाने के पक्ष में नजर आए। इसके बाद आईसीसी ने बीसीबी को एक दिन की अंतिम मोहलत दी है, ताकि वह भारत में खेलने को लेकर अपना स्पष्ट रुख बताए।

भारत में खेले तो ही मिलेगा वर्ल्ड कप में मौका

आईसीसी ने बीसीबी से कहा है कि वह अपनी सरकार को भी यह स्थिति स्पष्ट कर दे कि यदि बांग्लादेश की टीम भारत नहीं आती है, तो उसकी जगह किसी अन्य टीम को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया जाएगा। अगर बांग्लादेश बाहर होता है, तो मौजूदा रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को 20 टीमों वाले टूर्नामेंट में शामिल किया जा सकता है।

श्रीलंका में मैच कराने की मांग खारिज

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड लगातार यह मांग कर रहा है कि उसके सभी मुकाबले श्रीलंका में कराए जाएं। बीसीबी ने यहां तक प्रस्ताव दिया कि उसे ग्रुप-सी से हटाकर ग्रुप-बी में शामिल कर दिया जाए, जहां आयरलैंड अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलने वाला है। हालांकि, आईसीसी ने इस मांग को भी पूरी तरह खारिज कर दिया और साफ कहा कि तय ग्रुप और शेड्यूल में किसी तरह का बदलाव नहीं होगा।

सुरक्षा और राजनीतिक तनाव का हवाला

बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार करने के पीछे सुरक्षा कारणों का हवाला दिया है। तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर किए जाने के बाद बीसीबी ने अपनी चिंता जाहिर की थी।

यह भी पढ़े:- LoC पर पाकिस्तान की नापाक कोशिश नाकाम, सर्विलांस कैमरे लगाते समय फायरिंग

इसके अलावा, बांग्लादेश में हिंदुओं पर कथित हमलों के चलते दोनों देशों के बीच राजनयिक रिश्तों में भी तनाव बताया जा रहा है।

ग्रुप और वेन्यू पहले से तय

बांग्लादेश को ग्रुप-सी में वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, इटली और नेपाल के साथ रखा गया है। उसे अपने लीग मुकाबले कोलकाता और मुंबई में खेलने हैं। वहीं, ग्रुप-बी में शामिल आयरलैंड अपने मैच श्रीलंका के कोलंबो और पल्लेकेले में खेलेगा।

भारी आर्थिक नुकसान का भी खतरा

अगर बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होता है, तो उसे बड़ा आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ेगा। बीसीबी को आईसीसी से मिलने वाली करीब 5 लाख अमेरिकी डॉलर की तैयारी फीस नहीं मिलेगी। इसके अलावा खिलाड़ी भी न्यूनतम 2 लाख अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि से वंचित रह जाएंगे, जो जीत के साथ और बढ़ सकती थी।

अब सबकी नजरें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के फैसले पर टिकी हैं। अगर तय समय में सकारात्मक जवाब नहीं आया, तो बांग्लादेश का टी20 वर्ल्ड कप खेलना लगभग तय तौर पर मुश्किल हो जाएगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

1,388FansLike
133FollowersFollow
621SubscribersSubscribe
- Advertisement -[cricket_score]

Latest Articles