अयोध्या/सर्वोदय न्यूज़:- बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अयोध्या विधानसभा क्षेत्र के ऐमी आलापुर में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कैंसर दिवस एवं नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत आयोजित हुआ, जिसमें समाजसेवी संस्थान अयोध्याधाम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
कार्यक्रम में मेधावी छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं, ताकि उनकी शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा न आए और वे आत्मनिर्भर बन सकें।
समाज सेवा ही राष्ट्र सेवा: सुरेश यादव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुरेश यादव ने कहा कि समाज सेवा ही सच्ची राष्ट्र सेवा है। उन्होंने बताया कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए उनकी संस्था निरंतर साइकिलों के साथ-साथ पठन-पाठन सामग्री का भी वितरण कर रही है।
उन्होंने कहा कि जब एक बालिका शिक्षित होती है, तो वह दो परिवारों को रोशन करती है। यही कारण है कि बालिका शिक्षा समाज के विकास की मजबूत नींव है। सुरेश यादव ने बताया कि संस्था द्वारा अब तक हजारों छात्राओं को साइकिलें वितरित की जा चुकी हैं।
गरीब और जरूरतमंदों की लगातार मदद
सुरेश यादव ने कहा कि साइकिल वितरण के साथ-साथ संस्था द्वारा कंबल वितरण एवं गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की निरंतर सहायता की जा रही है। संस्था का उद्देश्य समाज और राष्ट्र को आगे बढ़ाना है।
आयोजकों के प्रति जताया आभार
इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम के आयोजक मां अन्नपूर्णा सेवा संस्थान के अध्यक्ष राजेश चौबे एवं ‘ब्लड मैन’ के नाम से प्रसिद्ध आकाश गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया।
कैंसर व नशा मुक्ति पर जागरूकता
कार्यक्रम के दौरान कैंसर दिवस और नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत लोगों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों और कैंसर से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इस मौके पर सैकड़ों महिलाओं को कंबल का वितरण भी किया गया।
यह भी पढ़े:- वैदेही भवन में भव्य श्रीराम कथा का समापन, गोपाल दाधीच महाराज की वाणी से भावविभोर हुए श्रद्धालु
मुख्य अतिथि का स्वागत समाजसेवी राजेश चौबे एवं आकाश गुप्ता ने माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम में राकेश पांडेय, राम सिंह यादव, बजरंगी यादव, सोमई निषाद, दुर्गा निषाद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान दिव्या दुबे, जासमीन, बबीता निषाद, आस्था तिवारी, प्रतीक्षा तिवारी सहित अन्य मेधावी छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं।



