स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) जल्द ही एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को टूर्नामेंट में उप-कप्तान की भूमिका सौंपी जा सकती है। अगर ऐसा होता है, तो यह गिल की T20I क्रिकेट में वापसी का रास्ता भी साफ करेगा और उन्हें एक भावी कप्तान के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम होगा।
इंग्लैंड दौरे की कप्तानी का इनाम
इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट टीम की अगुआई करते हुए शुभमन गिल ने टीम को 2-2 से सीरीज ड्रॉ करवाने में अहम भूमिका निभाई थी। विराट कोहली और रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अचानक संन्यास के बाद गिल ने नेतृत्व की जिम्मेदारी बखूबी निभाई, जिसके चलते अब उन्हें सीमित ओवरों की टीम में बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा जोरों पर है।
एशिया कप 2025 में नई लीडरशिप की झलक
एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से हो रही है और इसी महीने बीसीसीआई इसके लिए भारतीय टीम का ऐलान कर सकती है। इस बीच, रिपोर्ट्स का दावा है कि गिल को T20I फॉर्मेट में वापसी के साथ उप-कप्तान बनाया जा सकता है। इससे भारतीय ड्रेसिंग रूम में उनकी स्थिति एक उभरते लीडर के रूप में मजबूत होगी।
गिल की वापसी और टीम कॉम्बिनेशन
गिल ने अपना आखिरी T20I मुकाबला 2024 में खेला था। इसके बाद से उनकी जगह यशस्वी जायसवाल, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों ने ओपनिंग की भूमिका निभाई है। ऐसे में अगर गिल की वापसी होती है, तो वे ओपनिंग करेंगे या नंबर 3 पर बल्लेबाजी करेंगे, इस पर सभी की निगाहें टिकी होंगी।
आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन
शुभमन गिल ने पिछले तीन आईपीएल सीजन में दमदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने क्रमशः 157.80, 147.40 और 155.88 के स्ट्राइक रेट से क्रमशः 890, 426 और 650 रन बनाए। गिल के बल्लेबाजी आंकड़े और नेतृत्व क्षमता उन्हें भारतीय टीम के भविष्य का अहम हिस्सा बना रहे हैं।
BCCI की दीर्घकालिक रणनीति
BCCI की नजरें गिल को भविष्य के ऑल-फॉर्मेट कप्तान के रूप में तैयार करने पर हैं। रोहित शर्मा वनडे टीम के मौजूदा कप्तान हैं, लेकिन उनकी उम्र, फिटनेस और सीमित फॉर्मेट की उपलब्धता को देखते हुए यह रणनीति बनाई जा रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि गिल को 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम का कप्तान भी बनाया जा सकता है।



