स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान को हराने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम को एक अजीबो-गरीब स्थिति का सामना करना पड़ा, जब एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने ट्रॉफी सौंपने से इनकार कर दिया।
अब नकवी ने एक और विवादित बयान देते हुए शर्त रखी है कि “अगर भारतीय टीम को ट्रॉफी चाहिए तो सूर्या खुद ACC ऑफिस आकर उनसे ट्रॉफी लें।” यह शर्त न केवल असामान्य है, बल्कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) और फैंस के लिए अस्वीकार्य भी है।
28 सितंबर को दुबई में खेले गए एशिया कप फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया। मैच के बाद जब विजेता टीम को ट्रॉफी दी जानी थी, तब टीम इंडिया ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। नकवी पाकिस्तान के गृहमंत्री भी हैं और PCB के चेयरमैन भी। वह भारत विरोधी बयानों के लिए कुख्यात रहे हैं।
पाकिस्तानी मीडिया जियो सुपर के अनुसार, जब BCCI ने ACC की AGM बैठक (30 सितंबर) में ट्रॉफी देने की मांग उठाई, तो नकवी ने कहा:“अगर भारतीय टीम ट्रॉफी चाहती है, तो कप्तान खुद ACC ऑफिस आकर मुझसे ले सकते हैं।”
इस ‘बेतुकी शर्त’ पर बीसीसीआई ने नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि ट्रॉफी समय पर नहीं दी गई तो मामला ICC तक जाएगा।
यह भी पढ़े:- RSS के 100 साल: PM मोदी ने जारी किया विशेष डाक टिकट और सिक्का, संघ की सेवा…
बीसीसीआई प्रतिनिधि राजीव शुक्ला और आशीष शेलार ने कहा:“हम वैध विजेता हैं, ट्रॉफी हमारा अधिकार है। ACC को इसे कार्यालय में रखना चाहिए, हम वहां से ले लेंगे।”
बीसीसीआई के सूत्रों के अनुसार, नकवी न तो सीधे मना कर रहे हैं और न ही जिम्मेदारी ले रहे हैं। उनके बयान को “टालमटोल” की नीति कहा जा रहा है।
मैच के बाद ट्रॉफी न मिलने पर सूर्या ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा:“जब से मैंने क्रिकेट देखना शुरू किया है, ऐसा कभी नहीं देखा कि विजेता को ट्रॉफी न मिले। हमने इसे मेहनत से जीता है।” उन्होंने ‘X’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा:“मैच खत्म होने के बाद सिर्फ चैंपियन को याद रखा जाता है, ट्रॉफी की तस्वीर को नहीं।”



