न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने 62 वर्ष की उम्र में एक बार फिर शादी रचाई है। लंबे समय से उनकी जीवनसঙ্গिनी बनकर साथ रह रहीं जोडी हेडन अब आधिकारिक तौर पर देश की फर्स्ट लेडी बन गई हैं। यह पहली बार है जब ऑस्ट्रेलिया का कोई प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए विवाह बंधन में बंधा है।
कैनबरा स्थित प्रधानमंत्री आवास ‘द लॉज’ में आयोजित यह निजी समारोह बेहद सादगीपूर्ण रहा, जिसमें सिर्फ करीबी रिश्तेदार और मित्र शामिल हुए।
वेलेंटाइन डे पर किया था प्रपोज
पिछले साल वेलेंटाइन डे पर अल्बानीज ने जोडी हेडन को प्रपोज किया था। इसके बाद से ही इस शादी को लेकर चर्चाएं थीं, लेकिन तारीख और समारोह की सभी तैयारियां गोपनीय रखी गईं।
पीएमओ की ओर से जारी बयान में अल्बानीज ने कहा—
“हम अपने परिवार और सबसे करीबी दोस्तों के सामने एक-दूसरे से जीवनभर साथ रहने का वादा कर बेहद खुश हैं।”
चुनाव अभियान से लेकर PM बनने तक हेडन रहीं साथ
जोडी हेडन लंबे समय से अल्बानीज के सार्वजनिक जीवन का अहम हिस्सा हैं। 2022 के चुनाव अभियान में वह लगातार उनके साथ रहीं। लेबर पार्टी की ऐतिहासिक जीत के समय भी वे मंच पर मौजूद थीं।
शादी में खास पल
शादी में हेडन ने सिडनी के डिजाइनर Romance Was Born का बनाया हुआ खूबसूरत गाउन पहना। अल्बानीज ने MJ Bale का क्लासिक सूट चुना। समारोह के कुछ यादगार पल: हेडन की 5 वर्षीय भांजी एला बनीं फ्लावर गर्ल। पीएम का पालतू कुत्ता टोतो रिंग बेयरर बना। मेहमानों को सिडनी की इनर वेस्ट स्थित ब्रेवरी Willie the Boatman की खास बीयर परोसी गई।
Married💍❤️💍 pic.twitter.com/mSzojtBF2I
— Anthony Albanese (@AlboMP) November 29, 2025
विवाह के बाद दोनों ने स्टीवी वंडर के मशहूर गीत “Signed, Sealed, Delivered (I’m Yours)” पर हाथों में हाथ डालकर एंट्री ली। उनका पहला डांस फ्रैंक सिनात्रा के क्लासिक गाने “The Way You Look Tonight” पर हुआ।
ऑस्ट्रेलिया में ही मनाएंगे हनीमून
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, नवविवाहित जोड़ा सोमवार से शुक्रवार तक ऑस्ट्रेलिया के भीतर ही हनीमून मनाएगा। हनीमून का पूरा खर्च वे स्वयं वहन करेंगे।
उनकी इस अंतरंग शादी ने देश की राजनीति में नया अध्याय जोड़ दिया है और पूरे ऑस्ट्रेलिया से शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है।
एंथनी अल्बानीज: साधारण परिवार से ऑस्ट्रेलिया का प्रधानमंत्री बनने तक
जन्म: 2 मार्च 1963, सिडनी के डार्लिंगहर्स्ट में , मां: मैरीऐन एलरी (सिंगल मदर, आयरिश मूल), पिता: कार्लो अल्बानीज (इतालवी जहाज कर्मचारी)| बचपन में अल्बानीज को बताया गया कि उनके पिता की कार दुर्घटना में मौत हो गई थी, लेकिन 2009 में उन्होंने पहली बार इटली जाकर अपने पिता से मुलाकात की। वहां उन्हें अपने दो सौतेले भाई-बहनों के बारे में भी पता चला।
गरीबी में पले-बढ़े अल्बानीज को उनकी मां ने काउंसिल हाउसिंग में पाला। मां रूमेटॉइड आर्थराइटिस से पीड़ित थीं और दिव्यांग पेंशन पर निर्भर रहीं। उन्होंने 2000 में कैरमेल टेबुट से शादी की थी, जिनसे उनका एक बेटा नाथन है। 2019 में दोनों का तलाक हो गया।



