न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार की राजनीति में चर्चित नाम अनंत सिंह एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। जदयू विधायक के खिलाफ गोपालगंज जिले में अश्लील नृत्य और हथियार प्रदर्शन से जुड़े वायरल वीडियो मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामला गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव का है, जहां 2 और 3 मई को आयोजित एक उपनयन संस्कार कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर डांस कार्यक्रम और हथियारों के प्रदर्शन का वीडियो सामने आया। इस मामले में विधायक अनंत सिंह समेत कुल नौ लोगों को नामजद किया गया है।
जिले के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने बताया कि जांच में वीडियो की पुष्टि होने के बाद केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान अवैध और लाइसेंसी हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन किया गया, जो कानून का उल्लंघन है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कथित तौर पर देखा गया कि एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान महिला डांसर पर नोट उड़ाए जा रहे हैं। इस दौरान विधायक की मौजूदगी भी चर्चा में रही। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इस घटना ने जिले में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस छेड़ दी है।
इसके अलावा एक अन्य वीडियो में कुछ लोग भोजपुरी गानों पर हथियार लहराते हुए डांस करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी और कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि अनंत सिंह इसी साल मार्च में जमानत पर जेल से बाहर आए थे। उन्हें पिछले साल चर्चित दुलार चंद यादव हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया था। बाद में पटना हाई कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी थी।
फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे हो सकते हैं।