न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर करारा हमला बोला है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, भ्रष्टाचार और दलित उत्पीड़न को लेकर सरकार की नीतियों को आड़े हाथों लिया। अखिलेश ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं, और प्रदेश अन्याय व भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया है।
“महिलाओं पर अपराध के मामले सबसे अधिक, सरकार छुपा रही विफलता”
लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “NCRB के जो आंकड़े भाजपा सरकार खुद जारी कर रही है, वे बता रहे हैं कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में उत्तर प्रदेश सबसे ऊपर है। सरकार नाकामी छुपाने में लगी है।”
यह भी पढ़े:- रवि किशन को फिल्मफेयर में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर अवार्ड…
उन्होंने यह भी कहा कि यूपी में हर विभाग में भ्रष्टाचार गहराई तक फैला हुआ है। स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक है।
दलितों पर अत्याचार, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने हाल ही में रायबरेली में दलित युवक की हत्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार इस पर चुप है। “यह जीरो टॉलरेंस नहीं, जीरो काम वाली सरकार है। पुलिस प्रशासन सत्तारूढ़ दल के नेताओं की सेवा में लगा है। निर्दोषों पर झूठे मुकदमे लादे जा रहे हैं।”
“भ्रष्टाचार की सीमाएं टूटीं, एक लेखपाल के पास 100 करोड़ की संपत्ति!”
सपा प्रमुख ने कहा कि यूपी की नौ साल की भाजपा सरकार ने हर क्षेत्र में लूट और बेईमानी फैलाई है। “एक लेखपाल के पास 100 करोड़ की संपत्ति मिलना इस सरकार की असलियत है। थानों में हजारों शिकायतें पड़ी हैं, लेकिन FIR तक नहीं लिखी जाती।”
“सरकार आरक्षण छीन रही, विदेशी कंपनियों को बाजार सौंप रही”
अखिलेश ने भाजपा पर स्वदेशी के नाम पर विदेशी कंपनियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों से मुनाफा कमाने दे रही है और फिर उनसे ही चंदा वसूल रही है। “पूरे इलेक्ट्रॉनिक बाज़ार पर चीन का कब्ज़ा है, और भाजपा ‘स्वदेशी’ का नारा देती है – यह दिखावटी राष्ट्रवाद है।”



