Home Blog Page 75

मार से बचने के लिए भागे,कुछ नहीं मिला तो फिल्मों में पहुंचे’ -रवि किशन पर सीएम योगी ने एक बार फिर फिर ली चुटकी

गोरखपुर/सर्वोदय न्यूज़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर गोरखपुर से सांसद और अभिनेता रवि किशन पर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी करते हुए मंच से चुटकी ली। उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे।

एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में पहले फिल्म सिटी बनी होती, तो रवि किशन को मुंबई का रुख नहीं करना पड़ता। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि रवि किशन घर से मार से बचने के लिए निकले और बाद में फिल्मों में चले गए, जहां मेहनत के दम पर आज सफलता हासिल की।

फिल्म सिटी को लेकर दिया संदेश

सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में फिल्म सिटी बनने से अब युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हर किसी को अवसर नहीं मिलता, लेकिन सरकार ऐसी व्यवस्था बना रही है जिससे ज्यादा से ज्यादा युवाओं को मौका मिल सके।

मंच से फिर दिखा हास्य अंदाज

कार्यक्रम के दौरान रवि किशन और कालीबाड़ी के महंत बाबा रविंद्र दास को लेकर भी मुख्यमंत्री ने हल्की-फुल्की टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि विरासत गलियारा बनने के बाद छुट्टियों में यहीं फिल्म की शूटिंग भी हो सकती है, जिससे माहौल में हंसी का दौर चल पड़ा।

इससे पहले भी होलिका दहन के मौके पर योगी आदित्यनाथ ने रवि किशन को लेकर मजाकिया टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि रवि किशन कहीं भी अपने हुनर से कमा सकते हैं, लेकिन संत-महंत के लिए ऐसी सुविधा नहीं होती। इस बयान पर भी लोगों ने जमकर ठहाके लगाए थे।

Gold Price Today: सोने-चांदी के दाम में जबरदस्त उछाल, गोल्ड ₹2384 और सिल्वर ₹6368 महंगा

Gold Price Today: सप्ताह की शुरुआत में सर्राफा बाजार में तेजी का रुख देखने को मिला है। सोने और चांदी दोनों की कीमतों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इंडियन बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा जारी नए आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को कीमतों में बड़ा उछाल आया है। गौरतलब है कि शुक्रवार से रविवार तक अवकाश के कारण नए रेट जारी नहीं हुए थे।

सोने की कीमत में 2384 रुपये की तेजी
आज 24 कैरेट सोने का भाव 2384 रुपये बढ़कर 147891 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। इससे पहले गुरुवार को इसकी कीमत 145507 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।

विभिन्न कैरेट के सोने के ताजा भाव

  • 23 कैरेट: 147299 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 22 कैरेट: 135468 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 18 कैरेट: 110918 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 14 कैरेट: 86516 रुपये प्रति 10 ग्राम

चांदी भी हुई महंगी, 6368 रुपये का उछाल
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली है। चांदी का रेट बढ़कर 231028 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है, जबकि गुरुवार को यह 224660 रुपये प्रति किलोग्राम था। इस तरह एक दिन में चांदी 6368 रुपये महंगी हो गई है।

महीने की शुरुआत से अब भी सस्ती कीमतें
हालांकि मौजूदा तेजी के बावजूद 1 अप्रैल के मुकाबले कीमतें अभी भी नीचे हैं। महीने की शुरुआत में सोना 149569 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 239483 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर थी। यानी अब भी सोना 1678 रुपये और चांदी 8455 रुपये सस्ती बनी हुई है।

वैश्विक कारणों का असर
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती अनिश्चितता और निवेशकों का रुझान डॉलर की ओर बढ़ने से कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव जारी है। इसके अलावा मुनाफावसूली भी कीमतों को प्रभावित कर रही है।

(नोट: यह निवेश की सलाह नहीं है। बाजार में कीमतें लगातार बदलती रहती हैं।)

अरुणाचल प्रदेश के CM का परिवार अब CBI के रडार पर, मामला 1270 करोड़ का; सुप्रीम कोर्ट ने CBI जांच के दिए आदेश

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम फैसले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को अरुणाचल प्रदेश में सार्वजनिक ठेकों के आवंटन से जुड़े मामले की जांच करने का निर्देश दिया है। यह मामला मुख्यमंत्री पेमा खांडू के परिजनों से जुड़ी कंपनियों को कथित तौर पर ठेके दिए जाने से संबंधित है।

अदालत ने CBI को निर्देश दिया है कि वह दो सप्ताह के भीतर प्रारंभिक जांच (PE) दर्ज करे और 16 सप्ताह के अंदर अपनी स्टेटस रिपोर्ट पेश करे।

10 साल के ठेकों की होगी जांच

जस्टिस विक्रम नाथ की अध्यक्षता वाली पीठ ने आदेश दिया कि 1 जनवरी 2015 से 31 दिसंबर 2025 तक राज्य में दिए गए सभी सार्वजनिक कार्यों, ठेकों और कार्य आदेशों की जांच की जाए।

सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि पिछले एक दशक में करीब 1270 करोड़ रुपये के ठेके मुख्यमंत्री के परिवार से जुड़ी चार कंपनियों को दिए गए।

एनजीओ ने उठाए सवाल

इस मामले में ‘सेव मोन रीजन फेडरेशन’ और ‘वॉलंटरी अरुणाचल सेना’ नामक संगठनों की ओर से याचिका दायर की गई थी। वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने दलील दी कि राज्य सरकार के हलफनामे के अनुसार कई ठेके मुख्यमंत्री के परिजनों की कंपनियों को दिए गए। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से इस याचिका को पहले ‘प्रायोजित’ बताया गया था।

सरकार से मांगा गया था जवाब

इससे पहले, सुप्रीम कोर्ट ने 2 दिसंबर को राज्य सरकार को निर्देश दिया था कि वह 2015 से 2025 तक दिए गए सभी ठेकों का विस्तृत हलफनामा दाखिल करे, खासतौर पर वे ठेके जो मुख्यमंत्री के परिजनों से जुड़ी कंपनियों को दिए गए।

परिवार के सदस्य भी दायरे में

याचिका में मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ-साथ उनके परिवार के अन्य सदस्यों को भी पक्षकार बनाया गया है। इनमें उनके दिवंगत पिता दोरजी खांडू की दूसरी पत्नी और अन्य रिश्तेदार शामिल हैं।

याचिका में आरोप लगाया गया है कि हितों के टकराव (Conflict of Interest) के बावजूद परिजनों से जुड़ी कंपनियों को बड़े पैमाने पर सरकारी ठेके दिए गए।

प्रेमानंद महाराज के दर्शन की चाह में पहलवान का अनोखा संकल्प, कमर से कार खींचकर आगरा से वृंदावन पहुंचा युवक

न्यूज़ डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:- भक्ति और संकल्प की मिसाल पेश करने वाली एक अनोखी घटना धर्म नगरी वृंदावन में देखने को मिली। आगरा से आए एक युवक ने संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन की चाह में लगभग 90 किलोमीटर का सफर कमर से कार खींचते हुए पूरा किया।

जानकारी के अनुसार, आगरा के अकोला चाहर वाटी निवासी पहलवान गौरव चाहर ने 2 अप्रैल को अपने गांव से इस कठिन यात्रा की शुरुआत की थी। उन्होंने कमर में रस्सी बांधकर भारी कार को खींचते हुए तपती धूप और कठिन रास्तों के बीच यह लंबा सफर तय किया।

जैसे ही गौरव वृंदावन पहुंचे, उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उनके इस अद्भुत संकल्प को कैमरों में कैद किया और पूरे क्षेत्र में ‘राधे-राधे’ के जयकारे गूंज उठे।

गौरव ने बताया कि यह यात्रा बेहद कठिन थी, लेकिन प्रेमानंद महाराज से मिलने की इच्छा ने उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस दौरान उनके परिवार और मित्र भी उनके साथ रहे, जिन्होंने उनका हौसला बढ़ाया और सुरक्षा का ध्यान रखा।

उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ अपनी ताकत दिखाना नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रहने और फिटनेस व आध्यात्म की ओर प्रेरित करना है।

हालांकि, भारी भीड़ और सुरक्षा कारणों के चलते फिलहाल उनकी संत से मुलाकात नहीं हो सकी है। गौरव का कहना है कि वह दर्शन किए बिना वापस नहीं लौटेंगे।

गौरव की इस अनोखी ‘कार सेवा’ के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग उनके जुनून और श्रद्धा की सराहना कर रहे हैं।

बांदा में शर्मनाक घटना: शादीशुदा बहन को बेचकर कराया दूसरा विवाह, भाई गिरफ्तार

बांदा/सर्वोदय न्यूज़:- समाज को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक भाई ने पैसों के लालच में अपनी ही शादीशुदा बहन को बेच दिया और उसका जबरन दूसरा विवाह करा दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

यह कार्रवाई एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, बांदा द्वारा विशेष अभियान के तहत की गई, जो मानव तस्करी, बाल विवाह और बाल श्रम जैसे अपराधों की रोकथाम के लिए चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता चित्रकूट की रहने वाली है। उसने 22 नवंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मां और भाई उसे बहला-फुसलाकर बांदा ले आए और वहां से उसे हरियाणा के एक व्यक्ति को 1 लाख 38 हजार रुपये में बेच दिया गया। इसके बाद जबरन उसकी शादी करा दी गई, जबकि वह पहले से ही विवाहित थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी थी।

इसी क्रम में पुलिस ने सूचना के आधार पर आरोपी भाई जयनारायण को कालू कुआं रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के पलवल जिले के रहने वाले दो लोग भी शामिल हैं, जिन्होंने इस अवैध शादी में भूमिका निभाई थी।

पुलिस अब इस पूरे मामले को मानव तस्करी के एंगल से भी जांच रही है और संभावित नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है।

पुलिस अधीक्षक की निगरानी में चल रहे अभियान के चलते समय रहते पीड़िता को बचा लिया गया और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया।

Aaj Ka Rashifal 6 April 2026: कुछ राशियों को लाभ, तो कुछ को रहना होगा सतर्क,जानें कैसा रहेगा आज का दिन?

Aaj Ka Rashifal 6 April 2026: आज का दिन कुछ राशियों के लिए शुभ संकेत लेकर आया है, वहीं कुछ को सतर्क रहने की जरूरत है। ग्रहों की चाल के अनुसार आज शुक्र मेष में, गुरु मिथुन में, केतु सिंह में और चंद्रमा वृश्चिक राशि में अनुराधा नक्षत्र में गोचर कर रहे हैं। बुध और राहु कुंभ राशि में हैं, जबकि सूर्य, मंगल और शनि मीन राशि में स्थित हैं। इस ग्रह स्थिति का सभी 12 राशियों पर अलग-अलग प्रभाव पड़ेगा। आइए जानते हैं आज का राशिफल—

मेष राशि

आज का दिन चुनौतीपूर्ण रह सकता है। चोट या किसी परेशानी की आशंका है, इसलिए सावधानी बरतें। स्वास्थ्य कमजोर रह सकता है। किसी भी तरह का जोखिम लेने से बचें। लाल वस्तु पास रखना शुभ रहेगा।

वृषभ राशि

शारीरिक थकान महसूस हो सकती है, लेकिन जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। प्रेम संबंधों में मुलाकात संभव है, पर सतर्क रहें। नौकरी और व्यापार के लिए दिन अच्छा है। हरी वस्तु साथ रखें।

मिथुन राशि

कुल मिलाकर दिन अनुकूल है। मानसिक उलझन रह सकती है, लेकिन विरोधियों पर आप भारी रहेंगे। प्रेम और संतान पक्ष अच्छा रहेगा। मां काली की आराधना लाभकारी होगी।

कर्क राशि

भावनाओं पर नियंत्रण रखें। प्रेम संबंधों में विवाद हो सकता है। बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। व्यापार में जोखिम से बचें। लाल वस्तु रखना लाभदायक रहेगा।

सिंह राशि

घर-परिवार में तनाव की स्थिति बन सकती है। स्वास्थ्य भी प्रभावित हो सकता है। वैवाहिक जीवन पर ध्यान दें। शनिदेव की पूजा करना लाभकारी रहेगा।

कन्या राशि

कामकाज में चिड़चिड़ापन रह सकता है। दांपत्य जीवन में तालमेल बैठाने की जरूरत है। मेहनत से सफलता मिलेगी। हरी वस्तु पास रखना शुभ रहेगा।

तुला राशि

विरोधियों पर जीत मिलेगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, हालांकि कुछ हार्मोन से जुड़ी दिक्कत हो सकती है। व्यापार में लाभ होगा। शनिदेव की आराधना करें।

वृश्चिक राशि

आज आप आकर्षण का केंद्र बने रहेंगे। ऊर्जा बनी रहेगी, हालांकि स्वास्थ्य थोड़ा कमजोर रह सकता है। व्यापार सामान्य रहेगा। पीली वस्तु रखना लाभकारी है।

धनु राशि

मन में चिंता और बेचैनी रह सकती है। प्रेम और संतान पक्ष कमजोर रह सकता है। फिलहाल बड़े फैसले टालना बेहतर होगा। लाल वस्तु साथ रखें।

मकर राशि

आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। आय के नए स्रोत बनेंगे। प्रेम और संतान पक्ष अच्छा रहेगा। मां काली की पूजा शुभ फल देगी।

कुंभ राशि

स्थिति में सुधार दिखाई देगा। प्रेम संबंधों में नजदीकियां बढ़ेंगी। कार्यक्षेत्र में सफलता के योग हैं। कोर्ट-कचहरी में विजय मिल सकती है। लाल वस्तु का दान करें।

मीन राशि

हालात धीरे-धीरे अनुकूल हो रहे हैं। प्रेम और व्यापार में सुधार होगा। हालांकि पूरी तरह राहत नहीं मिलेगी। लाल वस्तु पास रखना शुभ रहेगा।

RRB Vacancy 2026: रेलवे में टेक्निशियन के 6565 पदों पर भर्ती, जानें पूरी डिटेल

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए एक और बड़ी अपडेट सामने आई है। सहायक लोको पायलट (ALP) भर्ती के बाद अब तकनीशियन पदों पर भी बड़े पैमाने पर नियुक्तियां होने जा रही हैं। रेल मंत्रालय के अंतर्गत रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 के लिए 6,565 तकनीशियन पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है।

बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इन पदों के लिए जल्द ही केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना (CEN) जारी की जाएगी। इससे पहले ALP के 11,000 से अधिक पदों के लिए शॉर्ट नोटिस जारी किया जा चुका है, जिनके आवेदन मई 2026 से शुरू होंगे।

रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे और प्रोडक्शन यूनिट्स को निर्देश दिया है कि वे तकनीशियन पदों की रिक्तियों का अंतिम आकलन जल्द से जल्द भेजें। यह भर्ती कुल 39 अलग-अलग श्रेणियों में की जाएगी और जोनवार विवरण आधिकारिक नोटिफिकेशन के साथ जारी होगा।

निर्देशों के अनुसार, सभी इकाइयों को एक सप्ताह के भीतर इंडेंट मैनेजमेंट सिस्टम (OIRMS) के जरिए अपनी मांग प्रस्तुत करनी होगी। इस पूरी प्रक्रिया का समन्वय रेलवे भर्ती बोर्ड, बेंगलुरु द्वारा किया जाएगा, ताकि समय पर अधिसूचना जारी की जा सके। साथ ही, एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्गों के आरक्षण नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैकलॉग और वर्तमान रिक्तियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।

रेलवे बोर्ड ने भर्ती प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए समान योग्यता, मेडिकल मानकों और दिव्यांग (PwBD) श्रेणियों वाले पदों को एक साथ जोड़ने का निर्णय लिया है। चयनित उम्मीदवारों को अंतिम रूप से उनके रेलवे जोन के अनुसार पद और विभाग आवंटित किए जाएंगे।

इस भर्ती अभियान से देशभर के लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है। साथ ही, प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर भी जोर दिया गया है।

जोनवार संभावित पदों का विवरण इस प्रकार है:
मध्य रेलवे – 870
पूर्व तटीय रेलवे – 169
पूर्व मध्य रेलवे – 186
पूर्व रेलवे – 291
इंटीग्रल कोच फैक्ट्री – 236
उत्तर मध्य रेलवे – 268
पूर्वोत्तर रेलवे – 169
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे – 701
उत्तर रेलवे – 548
उत्तर पश्चिम रेलवे – 199
रेल पहिया कारखाना – 5
दक्षिण मध्य रेलवे – 368
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे – 90
दक्षिण पूर्व रेलवे – 576
दक्षिण रेलवे – 785
दक्षिण पश्चिम रेलवे – 240
पश्चिम मध्य रेलवे – 231
पश्चिम रेलवे – 544

वहीं, असिस्टेंट लोको पायलट के 11,127 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 मई 2026 से शुरू होने जा रही है।

होर्मुज पार कर भारत पहुंचा एक और LPG टैंकर, ईरान का खास संदेश; गुजरात का भी जिक्र

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- अमेरिका-ईरान तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। Green Sanvi LPG Tanker नाम का एक और भारतीय एलपीजी टैंकर सफलतापूर्वक होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुका है और अब गुजरात के पोर्ट की ओर बढ़ रहा है।

ईरान का खास संदेश

इस घटनाक्रम पर ईरानी वाणिज्य दूतावास मुंबई ने विशेष प्रतिक्रिया दी। दूतावास ने कहा कि भारत, खासकर गुजरात, दोनों देशों के साझा इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। उन्होंने सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र करते हुए भारत-ईरान दोस्ती को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।

हर्ष संघवी ने क्या कहा?

हर्ष संघवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि यह भारत की कूटनीति की एक और बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि एलपीजी टैंकर का सुरक्षित पार होना देश के लिए सकारात्मक संकेत है।

होर्मुज संकट के बीच राहत

गौरतलब है कि हालिया तनाव के चलते ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा रखा है। हालांकि, भारत जैसे मित्र देशों के जहाजों को सीमित अनुमति दी जा रही है, जिससे ऊर्जा आपूर्ति बनी हुई है।

सरकार की अपील

इस बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने लोगों से पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की घबराहट में खरीदारी न करने की अपील की है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि देश में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और स्थिति नियंत्रण में है।

आपूर्ति बनाए रखने के प्रयास

सरकार ने बताया कि रिफाइनरियों का उत्पादन बढ़ाया गया है साथ ही घरेलू एलपीजी और पीएनजी को प्राथमिकता दी जा रही है | अस्पतालों और जरूरी सेवाओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं|

होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का बड़ा फैसला: अब इन जहाजों को दी स्ट्रेट से गुजरने की इजाजत

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान ने वैश्विक आपूर्ति पर असर कम करने के लिए अहम कदम उठाया है। तेहरान ने ऐलान किया है कि जरूरी सामान लेकर आने वाले जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दी जाएगी।

क्या है नया आदेश?

ईरानी न्यूज एजेंसी तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, अब उन जहाजों को स्ट्रेट पार करने की इजाजत होगी जो ईरान के बंदरगाहों की ओर आवश्यक वस्तुएं लेकर आ रहे हैं। हालांकि, इन जहाजों को पहले ईरानी अधिकारियों से समन्वय करना होगा।

क्यों लिया गया यह फैसला?

लगातार सैन्य तनाव और हमलों के चलते होर्मुज मार्ग बंद होने से खुद ईरान में भी जरूरी वस्तुओं की सप्लाई प्रभावित हो रही थी। इसी वजह से सरकार को यह राहत देने वाला फैसला लेना पड़ा।

पहले क्यों बंद था होर्मुज?

28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद ईरान ने इस अहम समुद्री रास्ते को काफी हद तक बंद कर दिया था। केवल सहयोगी या तटस्थ देशों के जहाजों को ही सीमित अनुमति दी जा रही थी।

हजारों जहाज प्रभावित

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बंदी से करीब 2000 से ज्यादा जहाज प्रभावित हुए हैं। कई अंतरराष्ट्रीय जहाज अब भी इस मार्ग के आसपास फंसे हुए हैं। भारत भी अपने कुछ जहाजों को सुरक्षित निकालने में जुटा हुआ है।

वैश्विक बाजार पर असर

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक है। यहां तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं, जिससे भारत सहित कई देशों की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ा है।

युद्ध का बढ़ता असर

मध्य पूर्व में जारी संघर्ष ने पूरे क्षेत्र को अस्थिर कर दिया है। ड्रोन हमलों और सैन्य कार्रवाई के चलते हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं, जिससे वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला और ऊर्जा बाजार पर सीधा असर पड़ रहा है।

2027 की तैयारी में सपा: पीडीए को जिताएंगे, संविधान को बचाएंगे! अखिलेश ने PDA युवाओं को दिया नारा

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के युवाओं को एकजुट होने का आह्वान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक पत्र में नया नारा दिया— “पीडीए को जिताएंगे, संविधान को बचाएंगे” और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।

युवाओं को संगठन मजबूत करने का आह्वान

सपा प्रमुख ने कहा कि पीडीए वर्ग को एक “पीड़ा की डोर” जोड़ती है, इसलिए सभी को अनुशासन और एकजुटता के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने युवाओं से हर बूथ पर सक्रिय रहने और चुनावी प्रक्रिया पर नजर बनाए रखने की अपील की।

‘सामाजिक न्याय की सरकार’ पर जोर

अखिलेश यादव ने अपने संदेश में कहा कि जब पीडीए की सरकार बनेगी, तभी संविधान सुरक्षित रहेगा और आरक्षण व अधिकारों की रक्षा संभव होगी। उन्होंने युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि बुजुर्गों का अनुभव और युवाओं की ऊर्जा मिलकर बदलाव ला सकती है।

भाजपा पर साधा निशाना

सपा अध्यक्ष ने भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधते हुए चुनाव में गड़बड़ी की आशंका जताई। उन्होंने युवाओं को सतर्क रहने और किसी भी उकसावे में न आने की सलाह दी।

‘पीडीए आंदोलन’ को बताया सम्मान की लड़ाई

अपने पत्र में अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए केवल एक राजनीतिक रणनीति नहीं, बल्कि मान-सम्मान और सामाजिक न्याय का आंदोलन है। इसके लिए युवाओं को खुद आगे आकर संघर्ष करना होगा।

उन्होंने युवाओं से संयम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील करते हुए कहा कि यही ऊर्जा समाज के हर वर्ग को आगे ले जाने में मदद करेगी।

2024 के प्रदर्शन से बढ़ा आत्मविश्वास

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भी पीडीए फॉर्मूले पर चुनाव लड़ा था, जिसमें पार्टी को उल्लेखनीय सफलता मिली और वह देश की प्रमुख पार्टियों में शामिल हुई।