Home Blog Page 198

ट्रंप टैरिफ से मिलेगी राहत! यूपी सरकार करने जा रही ये काम , योजना को लेकर रखी शर्त

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के निर्यातकों को अमेरिका के “ट्रंप टैरिफ” से राहत मिलने की तैयारी है। राज्य सरकार अब निर्यातकों को 10 प्रतिशत आर्थिक सहायता देने जा रही है। यह राहत छह माह के लिए होगी, लेकिन एक शर्त के साथ — जैसे ही अमेरिका भारतीय उत्पादों पर लगाए गए अतिरिक्त शुल्क को समाप्त करेगा, यह सहायता भी बंद कर दी जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, इस प्रस्ताव पर उच्च स्तर पर सहमति बन चुकी है और जल्द ही इसे राज्य कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।

अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाया

अमेरिका ने हाल ही में भारतीय उत्पादों के आयात पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ लगाया था, जिससे यूपी समेत देशभर के निर्यातकों को नुकसान हुआ। लागत के अनुरूप उन्हें उत्पादों का मूल्य नहीं मिल पा रहा था।

यह भी पढ़े:- यूपी पंचायत चुनाव से पहले 750 ग्राम पंचायतों में योगी सरकार शुरू करने जा रही यह बड़ी पहल

केंद्र सरकार ने राहत देने के लिए जीएसटी दरों में कमी की, वहीं अब योगी सरकार ने भी राज्य स्तर पर सहायता पैकेज तैयार किया है।

सीएम योगी ने कालीन कारोबारियों के कार्यक्रम में की थी घोषणा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुछ दिन पहले कालीन कारोबारियों के एक कार्यक्रम में यह संकेत दिया था कि सरकार निर्यातकों को टैरिफ के प्रभाव से राहत देगी।
इसी घोषणा के आधार पर एमएसएमई विभाग ने यह योजना तैयार की है।एमएसएमई विभाग के अनुसार — “राज्य की एमएसएमई निर्यातक इकाइयों को अमेरिका को किए गए निर्यात मूल्य का 10% आर्थिक सहायता के रूप में दिया जाएगा।”

यह सहायता फिलहाल छह माह के लिए प्रभावी रहेगी। जैसे ही अमेरिका का टैरिफ नियम समाप्त होगा, योजना भी बंद कर दी जाएगी।

2024-25 में अमेरिका को 36,000 करोड़ का निर्यात

एमएसएमई विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्तर प्रदेश से अमेरिका को लगभग ₹36,000 करोड़ का निर्यात हुआ। इसमें से करीब ₹21,000 करोड़ का निर्यात केवल एमएसएमई इकाइयों ने किया था।

अब यह आकलन किया जा रहा है कि निर्यातकों को राहत पैकेज देने पर राज्य को कितना वित्तीय भार उठाना पड़ेगा। इस रिपोर्ट के आधार पर प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी दी जाएगी। हालांकि, अगर इस बीच अमेरिका ने टैरिफ वापस ले लिया तो योजना को स्थगित भी किया जा सकता है।

यूपी पंचायत चुनाव से पहले 750 ग्राम पंचायतों में योगी सरकार शुरू करने जा रही यह बड़ी पहल

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों से पहले योगी सरकार ने ग्रामीण विकास को लेकर बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार अब प्रदेश की 750 ग्राम पंचायतों को मॉडल विकास केंद्र के रूप में विकसित करने जा रही है।

इसके लिए पंचायती राज विभाग ने सोमवार को प्रदेश के छह प्रमुख विश्वविद्यालयों के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। यह पहल राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) के तहत वर्ष 2026-27 के लिए लागू की जाएगी।

छह विश्वविद्यालय करेंगे सरकार की मदद

जिन विश्वविद्यालयों के साथ यह एमओयू हुआ है, उनमें शामिल हैं —

  1. बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), वाराणसी
  2. अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU), अलीगढ़
  3. लखनऊ विश्वविद्यालय, लखनऊ
  4. बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी
  5. डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या
  6. डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा

ये विश्वविद्यालय पंचायती राज विभाग के साथ मिलकर मॉडल ग्राम पंचायत विकास योजनाएं तैयार करेंगे।

योजनाओं की गुणवत्ता और क्रियान्वयन पर होगा फोकस

पंचायती राज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक और तकनीकी विशेषज्ञता को पंचायत स्तर की योजना निर्माण प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा।

यह भी पढ़े:- तेजस्वी होंगे मुख्यमंत्री, 14 नवंबर को बदलेगी सरकार: लालू यादव का बड़ा दावा

उन्होंने कहा —“विश्वविद्यालयों से ग्राम पंचायतों का जुड़ाव योजनाओं की गुणवत्ता को बढ़ाएगा, जिससे सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के अनुरूप समेकित योजनाएं बनाई जा सकें।” इससे ग्राम पंचायतों में बेहतर आजीविका, सुशासन और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी मदद मिलेगी।

पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज़

राज्य में पंचायत चुनाव अप्रैल-मई 2026 में प्रस्तावित हैं। वर्ष 2021 में हुए पंचायत चुनाव में लगभग 12.45 करोड़ मतदाता शामिल थे।

सूत्रों के अनुसार, इस बार कई जिलों की वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों और नामों के दोहराव की जांच की जा रही है। जिन जिलों में एक ही नाम बार-बार दर्ज पाया गया है, वहां सुधार अभियान चलाया जाएगा।

तेजस्वी होंगे मुख्यमंत्री, 14 नवंबर को बदलेगी सरकार: लालू यादव का बड़ा दावा

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने बिहार चुनाव के बीच बड़ा दावा किया है। दानापुर में सोमवार को चुनावी रैली के दौरान लालू यादव ने कहा कि “तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे और 14 नवंबर को बिहार में सरकार बदल जाएगी।”

यह पहली बार है जब लालू यादव इस चुनाव में प्रचार के लिए मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा कि “महागठबंधन की सरकार बनना तय है और जनता बदलाव के मूड में है।”

लालू बोले — तेजस्वी ही होंगे अगला मुख्यमंत्री

लालू यादव ने कहा कि जनता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है। उन्होंने कहा, “बिहार में इस बार जनता महागठबंधन को आशीर्वाद दे रही है। 14 नवंबर को जब परिणाम आएंगे तो सरकार बदलेगी और तेजस्वी मुख्यमंत्री बनेंगे।”

राजद प्रमुख पहले भी कई बार सार्वजनिक मंचों से यह कह चुके हैं कि तेजस्वी यादव ही मुख्यमंत्री पद के लिए उनका चेहरा हैं।

तेजस्वी ने बताई शपथ ग्रहण की तारीख

इससे पहले तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए शपथ ग्रहण की तारीख भी बताई थी। उन्होंने लिखा था कि“14 नवंबर को नतीजे आएंगे और 18 नवंबर को महागठबंधन सरकार शपथ लेगी।”

यह भी पढ़े:- “स्वामी प्रसाद मौर्य कब क्या बोल दें, पता नहीं; उनके बयान को गंभीरता से नहीं लेते”

तेजस्वी ने यह भी कहा था कि “26 नवंबर से 26 जनवरी 2026 के बीच बिहार के सभी अपराधी जेल में होंगे। खरमास में अपराधियों का खात्मा होगा।”

अमित शाह ने साधा निशाना

दूसरी ओर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीतामढ़ी में रैली के दौरान महागठबंधन पर पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि “लालू यादव अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, और सोनिया गांधी राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। लेकिन बिहार में सीएम और दिल्ली में पीएम की कोई वैकेंसी नहीं है।”

“स्वामी प्रसाद मौर्य कब क्या बोल दें, पता नहीं; उनके बयान को गंभीरता से नहीं लेते”-बोले शिवपाल यादव

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय सचिव शिवपाल सिंह यादव ने सोमवार को कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य उनके मित्र हैं, लेकिन वह “कब क्या बोल दें, यह कोई नहीं जानता।” शिवपाल यादव ने कहा, “हम उनके बयानों को बहुत गंभीरता से नहीं लेते हैं।”

बदायूं के दहगवां क्षेत्र में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह टिप्पणी की। इस दौरान शिवपाल ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “सरकार विकास नहीं दिखा रही, बल्कि विकास दिखाकर जनता को धोखा दे रही है।”

भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

शिवपाल यादव ने कहा, “भाजपा सरकार में लूट मची हुई है। बदायूं के कई विधायक और जनप्रतिनिधि अफसरों की मदद से जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। लेखपाल दबाव में दूसरों की जमीनों पर गलत सीमांकन कर देते हैं।”
उन्होंने कहा कि तहसीलों में भ्रष्टाचार व्यापक है और भाजपा जनप्रतिनिधि जनता की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं।

“मोदी-योगी सरकार में विकास नहीं”

सपा नेता ने आरोप लगाया कि “मोदी और योगी सरकार में कोई नया विकास कार्य नहीं हुआ।” उन्होंने कहा कि “भाजपा धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांट रही है।”

यह भी पढ़े:- “470 सांसद होंगे तभी देश हिंदू राष्ट्र बनेगा” – फतेहपुर में जगतगुरु रामभद्राचार्य का बयान

शिवपाल ने दावा किया कि “किसानों के खेतों में जो ट्यूबवेल हैं, वे मुलायम सिंह यादव के शासन की देन हैं। सपा ने किसानों के बिजली बिल माफ किए और गांवों को पक्की सड़कें दीं।”

“2027 में सपा की सरकार बनाएंगे”

शिवपाल ने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना है। उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्गों को साथ लेकर सपा संगठन मज़बूत बना रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि “अखिलेश यादव के नेतृत्व में फिर सपा की सरकार बनाने का संकल्प लें।”

 सलीम शेरवानी और आदित्य यादव का भी बयान

कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय महासचिव सलीम इकबाल शेरवानी ने कहा कि “भाजपा जातिवाद और धार्मिक तुष्टीकरण के जरिए जनता को भटकाने में लगी है।”
वहीं सपा सांसद आदित्य यादव ने कहा कि बदायूं में जो भी विकास कार्य दिख रहे हैं — सड़कों, मेडिकल कॉलेज और हाईवे का निर्माण — यह सब “सपा सरकार की देन” हैं। भाजपा सिर्फ “विकास का श्रेय लेने” में लगी है।

“470 सांसद होंगे तभी देश हिंदू राष्ट्र बनेगा” – फतेहपुर में जगतगुरु रामभद्राचार्य का बयान

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- तुलसी पीठाधीश्वर जगतगुरु रामभद्राचार्य ने सोमवार को बड़ा बयान देते हुए कहा कि “जब संसद में हमारे 470 सांसद होंगे, तभी देश हिंदू राष्ट्र बनेगा।” वे फतेहपुर के रामगंज पक्का तालाब में आयोजित श्री जगन्नाथ धाम मंदिर के भूमि पूजन समारोह में शामिल हुए थे।

जगतगुरु ने कहा कि आज के दौर में “हमारे बच्चों को अपने वेद, शास्त्र और धर्मग्रंथों के नाम तक नहीं पता, जबकि मुस्लिम समुदाय का बच्चा-बच्चा कुरान पढ़ता है।” उन्होंने कहा कि समाज को तभी मजबूती मिलेगी जब धर्म और संस्कृति से जुड़ाव बढ़ेगा।

“मंदिर में गैर-हिंदुओं का प्रवेश वर्जित रहेगा”

रामभद्राचार्य ने कहा कि फतेहपुर में बनने वाला जगन्नाथ मंदिर “हिंदू एकता और सामाजिक समरसता” का प्रतीक बनेगा। उन्होंने दावा किया कि मंदिर परिसर में गैर-हिंदुओं का प्रवेश वर्जित रहेगा और यह स्थल “धर्म जागरण” का केंद्र होगा।

यह भी पढ़े:- योगी आदित्यनाथ का बड़ा दावा: “एनडीए सत्ता में लौटी तो घुसपैठियों को बाहर खदेड़कर

उन्होंने यह भी कहा कि भारत की हिंदू आबादी 80 फीसदी होनी चाहिए, ताकि सनातन संस्कृति सुरक्षित रह सके। उनके इस बयान ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।

 “बच्चों को दें संस्कार और धार्मिक शिक्षा”

जगतगुरु ने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को धार्मिक और सांस्कृतिक शिक्षा दें। उन्होंने चित्रकूट में एक गुरुकुल स्थापित करने की घोषणा की, जहाँ हिंदू बच्चों को धर्मशास्त्रों की शिक्षा दी जाएगी। इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक भाजपा नेता संतोष तिवारी ने गुरु दक्षिणा के रूप में चार लाख ईंटों का दान देने की घोषणा की।

“जगन्नाथ मंदिर धार्मिक जागरण का प्रतीक”

रामभद्राचार्य ने कहा कि फतेहपुर में बनने वाला जगन्नाथ मंदिर केवल ईश्वर का धाम नहीं, बल्कि हिंदू एकता और समरसता का प्रतीक बनेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से मंदिर निर्माण में सहयोग की अपील की। इस मौके पर जगन्नाथपुरी धाम के मुख्य पुजारी दैतातय भवानी दास जी महाराज भी मौजूद रहे।

रामभद्राचार्य के इस बयान पर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने बयान को लेकर प्रतिक्रिया देने की तैयारी शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक किसी पार्टी की आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है।

योगी आदित्यनाथ का बड़ा दावा: “एनडीए सत्ता में लौटी तो घुसपैठियों को बाहर खदेड़कर संपत्ति गरीबों में बाटेंगे”

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बिहार के कई रैलियों में यह दावा किया कि यदि आगामी चुनावों में एनडीए फिर से सत्ता में लौटता है तो प्रदेश से घुसपैठियों को बाहर निकाला जाएगा और उनकी संपत्ति गरीबों में बाँट दी जाएगी।

दरभंगा, मुजफ्फरपुर और सारण जिलों में लगातार चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए, योगी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजद के तेजस्वी यादव और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को “इंडिया गठबंधन का तीन बंदर” करार दिया और कहा कि ये बंदर सत्तारूढ़ एनडीए द्वारा किए जा रहे सभी अच्छे काम न देख पा रहे हैं, न सुन पा रहे हैं और न ही बोल पा रहे हैं।

उन्होंने कहा, “महात्मा गांधी के तीन बंदरों ने न कुछ देखा, न सुना और न ही कुछ कहा। लेकिन अब हमारे पास इंडिया गठबंधन के तीन बंदर हैं। नए बंदर हैं पप्पू, जो एनडीए द्वारा किए गए किसी भी अच्छे काम को नहीं देखता, टप्पू, जो इसके बारे में सुन नहीं सकता, और अक्कू, जो बोलते समय इन बातों को स्वीकार नहीं करता।” आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, राजद और सपा बिहार में अपराधियों को “गले लगा रहे” हैं और घुसपैठियों को राज्य की सुरक्षा से समझौता करने की अनुमति दे रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि “कांग्रेस, राजद और सपा बिहार में अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं और घुसपैठियों की वजह से राज्य की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।” मुख्यमंत्री ने कहा, “अगर एनडीए सत्ता में लौटेगी तो घुसपैठियों को बाहर खदेड़ दिया जाएगा और उनकी संपत्तियों को गरीबों में बांट दिया जाएगा।”

योगी ने राजद-कांग्रेस के शासनकाल के दौरान कथित कुप्रबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय राशन दुकानों में लूटपाट होती थी, जबकि वर्तमान में “बिहार सहित 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है।” उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और सीतामढ़ी में देवी जानकी मंदिर की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि एनडीए विकास और विरासत दोनों के पक्ष में खड़ा है।

इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मखाना बोर्ड का गठन किया है और एनडीए की “डबल इंजन” सरकार बिहार के सांस्कृतिक और आर्थिक गौरव को बहाल कर रही है। योगी ने विपक्ष पर भीबीमराव अंबेडकर और अन्य दिग्गजों का अपमान करने का आरोप लगाया तथा कहा कि एनडीए उनके लिए सम्मानजनक काम कर रही है।

स्थानीय अधिकारियों या विपक्षी पार्टियों की ओर से तात्कालिक टिप्पणी इस रिपोर्ट में शामिल नहीं है। घटना स्थल पर विपक्ष की प्रतिक्रिया उपलब्ध होते ही उसे जोड़ा जाएगा।

आज का राशिफल 3 नवंबर 2025: सिंह समेत इन राशियों को रहें सतर्क, जानें दिनभर का हाल

आज का राशिफल :3 नवंबर 2025 सोमवार का दिन कई राशियों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। ग्रहों की चाल के अनुसार, आज सिंह, कर्क, और कुंभ राशि के जातकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। वहीं कुछ राशियों को सामान्य परिणाम मिल सकते हैं। आइए जानते हैं आज का विस्तृत राशिफल—

ग्रहों की स्थिति

गुरु कर्क राशि में, केतु सिंह राशि में, सूर्य और शुक्र तुला राशि में, बुध और मंगल वृश्चिक राशि में, राहु कुंभ राशि में तथा शनि-चंद्रमा का विष योग मीन राशि पर सक्रिय है।

मेष राशि

आज अनावश्यक खर्च बढ़ सकता है जिससे मानसिक अशांति रहेगी। सिरदर्द या आंखों में दर्द जैसी दिक्कतें संभव हैं। अज्ञात भय परेशान कर सकता है। हालांकि प्रेम और संतान का सहयोग मिलेगा। व्यापार सामान्य रहेगा। लाल रंग की वस्तु साथ रखें, शुभ रहेगा।

वृषभ राशि

आय में उतार-चढ़ाव रहेगा और यात्राएं थकाने वाली हो सकती हैं। बच्चों की सेहत पर ध्यान देने की जरूरत है। प्रेम संबंधों में अनबन से बचें। मानसिक तनाव रहेगा लेकिन व्यापार संतुलित रहेगा। शनिदेव की पूजा लाभकारी रहेगी।

मिथुन राशि

व्यवसाय में अस्थिरता रह सकती है। कानूनी मामलों से दूर रहें। सीने में असुविधा हो सकती है। हालांकि प्रेम और संतान का साथ मिलेगा। काली माता की आराधना शुभ फल देगी।

 कर्क राशि

स्वास्थ्य में गिरावट की आशंका है। केवल भाग्य पर भरोसा न करें, कर्म पर ध्यान दें। धार्मिक कार्यों में अति न करें। यात्रा से बचें। प्रेम और संतान पक्ष सामान्य रहेगा। लाल रंग शुभ रहेगा।

 सिंह राशि

आज का दिन चुनौतीपूर्ण रह सकता है। चोट या विवाद की स्थिति बन सकती है। किसी भी जोखिम से बचें। स्वास्थ्य, प्रेम, संतान और व्यापार सबकुछ औसत रहेगा। जल्द ही हालात सुधरेंगे। पीली वस्तु अपने पास रखें।

कन्या राशि

जीवनसाथी और अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें। नौकरी या कार्यक्षेत्र में जोखिम न लें। प्रेम संबंधों में दूरी बनाए रखना बेहतर होगा। व्यापार मध्यम गति से आगे बढ़ेगा। शनिदेव को प्रणाम करें।

तुला राशि

दिनभर मानसिक अशांति रह सकती है। शत्रु सक्रिय रहेंगे लेकिन अंततः विजय आपकी होगी। कामों में रुकावटें आएंगी, फिर भी कार्य पूर्ण होंगे। स्वास्थ्य, प्रेम और व्यापार सामान्य रहेंगे। नीले रंग का उपयोग शुभ रहेगा।

 वृश्चिक राशि

महत्वपूर्ण फैसले आज टाल दें। भावुकता में आकर निर्णय लेने से नुकसान हो सकता है। बच्चों की सेहत पर ध्यान दें। प्रेम संबंधों में विवाद से बचें। व्यापार सामान्य रहेगा। पीली वस्तु अपने पास रखें।

धनु राशि

घरेलू कलह या संपत्ति संबंधी विवाद के संकेत हैं। वाहन या भूमि खरीदने में दिक्कतें आ सकती हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। प्रेम और व्यापार ठीक रहेंगे। लाल रंग शुभ रहेगा।

मकर राशि

व्यवसाय में उतार-चढ़ाव रह सकता है। नया काम शुरू करने से पहले सोचें। नाक-कान-गले की परेशानी हो सकती है। प्रेम और संतान पक्ष सामान्य रहेगा। काली माता की पूजा करना लाभकारी रहेगा।

कुंभ राशि

आज किसी भी तरह के सट्टे या लेन-देन से बचें, धन हानि के योग हैं। मुख से जुड़ी बीमारी हो सकती है। प्रेम और व्यापार में स्थिति सामान्य रहेगी। हरी वस्तु अपने पास रखें।

मीन राशि

मानसिक तनाव और अवसाद की स्थिति बन सकती है। निर्णय लेने में कठिनाई होगी। स्वास्थ्य और व्यापार मध्यम रहेंगे। शिवजी का जलाभिषेक करें, दिन शुभ बनेगा।

पंकज त्रिपाठी की मां का निधन, 89 साल की उम्र में ली अंतिम सांस — परिवार में शोक की लहर

बॉलीवुड एक्टर पंकज त्रिपाठी की मां श्रीमती हेमवती देवी का शुक्रवार (31 अक्टूबर) को निधन हो गया।
वे 89 वर्ष की थीं और लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनका निधन बिहार के गोपालगंज जिले के बेलसंड गांव स्थित पैतृक आवास पर हुआ।
परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उन्होंने परिवारजनों के बीच नींद में ही शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली।

परिवार ने मां को दी अंतिम विदाई

पंकज त्रिपाठी अपनी मां के निधन के समय उनके पास मौजूद थे। शनिवार को बेलसंड में पारिवारिक वातावरण में अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें करीबी रिश्तेदार और परिजन शामिल हुए।

यह भी पढ़े:- BSF GD Constable Recruitment 2025: 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए मौका, 391 पदों पर

परिवार ने कहा -“हम सभी से निवेदन करते हैं कि इस कठिन समय में हमारी निजता का सम्मान करें और श्रीमती हेमवती देवी को अपनी प्रार्थनाओं में याद रखें।”

पंकज त्रिपाठी और उनकी मां का रिश्ता

पंकज त्रिपाठी अक्सर इंटरव्यूज़ में अपनी मां का ज़िक्र करते हुए कहते रहे हैं कि“मां ने ही मुझे अनुशासन, विनम्रता और करुणा सिखाई।”

गोपालगंज के किसान परिवार में जन्मे पंकज आज बॉलीवुड के सबसे सम्मानित कलाकारों में से एक हैं, लेकिन वे अपनी जड़ों और मां के संस्कारों को कभी नहीं भूले।

BSF GD Constable Recruitment 2025: 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए मौका, 391 पदों पर आवेदन की आखिरी तारीख नजदीक

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-  BSF भर्ती 2025 के तहत बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) ने स्पोर्ट्स कोटा के अंतर्गत 391 जीडी कांस्टेबल पदों पर भर्ती निकाली है।  आवेदन प्रक्रिया 16 अक्टूबर 2025 से शुरू हो चुकी है और 4 नवंबर 2025 को समाप्त होगी।
इच्छुक उम्मीदवार rectt.bsf.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती पुरुष और महिला दोनों अभ्यर्थियों के लिए है।

BSF GD Constable Recruitment 2025: महत्वपूर्ण विवरण

कुल पदों की संख्या: 391, पुरुष उम्मीदवारों के लिए: 197 पद, महिला उम्मीदवारों के लिए: 194 पद, भर्ती प्रकार: स्पोर्ट्स कोटा (Sports Quota)

शैक्षणिक योग्यता (Eligibility Criteria)

उम्मीदवार को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास (Matriculation) होना चाहिए। उम्मीदवार ने राज्य/राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया होना चाहिए।

यह भी पढ़े:-शिक्षिका और रसोइयों के बीच जमकर मारपीट, बाल पकड़कर गिराया; वीडियो वायरल

आवेदन तिथि (Important Dates)

  • आवेदन शुरू: 16 अक्टूबर 2025
  • आवेदन की अंतिम तिथि: 4 नवंबर 2025
  • आवेदन लिंक: rectt.bsf.gov.in

आयु सीमा (Age Limit)

न्यूनतम आयु: 18 वर्ष, अधिकतम आयु: 23 वर्ष (आयु की गणना 1 अगस्त 2025 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग को नियमानुसार छूट दी जाएगी।)

फिजिकल मापदंड (Physical Standards)

पुरुष अभ्यर्थी: 170 सेमी लंबाई, महिला अभ्यर्थी: 157 सेमी लंबाई

आवेदन शुल्क (Application Fee)

महिला/SC/ST उम्मीदवार: कोई शुल्क नहीं, सामान्य (Gen)/OBC पुरुष उम्मीदवार: ₹159

वेतनमान (Salary / Pay Scale)

पे लेवल: लेवल-3 (₹21,700 – ₹69,100/-) अन्य भत्ते और सुविधाएं भी लागू होंगी।

शिक्षिका और रसोइयों के बीच जमकर मारपीट, बाल पकड़कर गिराया; वीडियो वायरल, टीचर सस्पेंड

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-  उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्राथमिक विद्यालय ऊंचगांव सानी (ब्लॉक पुरवा) में शनिवार को सहायक अध्यापिका और तीन रसोइयों के बीच मिड-डे मील को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बाल पकड़कर मारपीट शुरू हो गई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने सहायक अध्यापिका प्रियंका श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया है। हालांकि वीडियो की पुष्टि सर्वोदय न्यूज़ नहीं करता है।

देखे विडियो:- 

क्या है पूरा मामला

जांच रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षिका प्रियंका श्रीवास्तव और रसोइया प्रज्ञा के बीच मिड-डे मील को लेकर कहासुनी हुई। इस दौरान अन्य रसोइयां मंजू और लक्ष्मी भी वहां आ गईं, और विवाद बढ़ गया।

यह भी पढ़े:- स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास: टूटा मिताली राज का रिकॉर्ड, बनी भारत की नंबर-1 वर्ल्ड 

वीडियो में दिख रहा है कि शिक्षिका और रसोइयां बाल पकड़कर एक-दूसरे को गिराती और मारपीट करती दिखीं। एक रसोइया हाथ में डंडा लिए नजर आई। स्कूल स्टाफ ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

जांच में क्या हुआ खुलासा

बीईओ सुरेश सिंह ने बताया कि झगड़ा मिड-डे मील वितरण को लेकर हुआ था। बीएसए अमिता सिंह ने कहा कि शिक्षिका ने रसोइयों से अभद्रता की और उपस्थिति पंजिका बाहर फेंकी, जिससे शिक्षण कार्य में बाधा आई। शिकायत मिलने पर शिक्षिका प्रियंका श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया है। मामले की आगे की जांच हसनगंज खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई है।