न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- कर्मचारी चयन आयोग यानी Staff Selection Commission (SSC) ने सेलेक्शन पोस्ट फेज-14 भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कुल 3003 पद भरे जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवार 4 मई तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 5 मई तय की गई है। आवेदन में सुधार के लिए 11 से 13 मई तक का अवसर मिलेगा। परीक्षा जून में आयोजित होने की संभावना है।
कितने पद किस वर्ग के लिए
कुल 3003 रिक्तियों में अनारक्षित वर्ग के 1534 पद, ओबीसी के 667, एससी के 346, ईडब्ल्यूएस के 271 और एसटी के 185 पद शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा 235 पद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत सीजीएचएस में मेडिकल अटेंडेंट के हैं।
योग्यता और आयु सीमा
इस भर्ती के लिए अलग-अलग पदों के अनुसार योग्यता तय की गई है।
-
कई पदों के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास और आयु सीमा 18 से 25 वर्ष है।
-
नर्सिंग ऑफिसर के 107 पदों के लिए 12वीं पास और आयु 18 से 30 वर्ष निर्धारित है।
-
वार्ड अटेंडेंट के 105 पदों के लिए 10वीं पास और आयु 18 से 27 वर्ष रखी गई है।
-
सर्वेयर के 197 पदों के लिए स्नातक योग्यता और आयु 18 से 30 वर्ष तय है।
परीक्षा पैटर्न में बड़ा बदलाव
SSC ने इस बार परीक्षा पैटर्न में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब परीक्षा में सेक्शनल टाइमिंग लागू कर दी गई है।
हर सेक्शन—रीजनिंग, जनरल अवेयरनेस, गणित और अंग्रेजी—के लिए 15 मिनट का अलग समय मिलेगा।
-
कुल प्रश्न: 100
-
कुल अंक: 200
-
कुल समय: 60 मिनट
-
प्रत्येक सेक्शन: 25 प्रश्न, 50 अंक



