न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- नोएडा प्राधिकरण की 222वीं बोर्ड बैठक में शहर के विकास को लेकर कई बड़े और अहम फैसले लिए गए। बैठक की अध्यक्षता अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार ने की, जिसमें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
₹10,290 करोड़ का बजट, खर्च का लक्ष्य ₹10,004 करोड़
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्राधिकरण ने ₹10,290 करोड़ की आय और ₹10,004 करोड़ के व्यय का लक्ष्य तय किया है। पिछले वित्तीय वर्ष (2025-26) में तय लक्ष्य के मुकाबले कम आय को देखते हुए इस बार बजट को अधिक व्यावहारिक बनाया गया है।
अटकी हाउसिंग परियोजनाओं को मिलेगी गति
नोएडा के 50 वर्ष पूरे होने के मौके पर हजारों होमबायर्स को राहत देने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। नीतिगत फैसलों के बाद लंबे समय से अटकी 57 में से 36 हाउसिंग परियोजनाओं में काम तेज होने की उम्मीद है।
साथ ही, बकाया विवादों को सुलझाने के लिए OTS (वन टाइम सेटलमेंट) योजना-2026 को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है, जिसे शासन की अंतिम अनुमति के बाद लागू किया जाएगा।
स्पोर्ट्स सिटी प्रोजेक्ट को नई दिशा
Sector 150 Noida स्थित स्पोर्ट्स सिटी प्रोजेक्ट के संशोधित लेआउट प्लान को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद मंजूरी दे दी गई है। इससे वर्षों से पजेशन का इंतजार कर रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बिल भुगतान पर राहत और नई स्कीमें
- पानी के बकाया बिल पर 20% से 40% तक ब्याज छूट के साथ 3 महीने की एमनेस्टी स्कीम लागू होगी (16 अप्रैल–15 जुलाई 2026)।
- आवासीय और औद्योगिक प्लॉट्स में “मिश्रित उपयोग” (Mixed Use) की अनुमति दी गई है।
- 12 साल से अधूरे निर्माण वाले प्लॉट धारकों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
सुरक्षा और पर्यावरण पर फोकस
शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए फायर विभाग को करीब ₹154 करोड़ का बजट दिया गया है, जिससे आपदा प्रबंधन के लिए आधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे।
साथ ही, रोजाना निकलने वाले करीब 100 टन ग्रीन वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण की योजना भी बनाई गई है।
दलित प्रेरणा स्थल के लिए बड़ा बजट
Rashtriya Dalit Prerna Sthal और ग्रीन गार्डन के रखरखाव और मरम्मत के लिए ₹107.77 करोड़ खर्च करने को मंजूरी दी गई है।



