लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, अवध प्रांत की त्रैमासिक प्रांतीय बैठक शुक्रवार को बख्शी का तालाब स्थित एम.बी. गार्डन एंड रिजॉर्ट में आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पर्यावरण आयाम प्रमुख डॉ. प्रमोद पांडेय के मार्गदर्शन में संगठनात्मक गतिविधियों और समसामयिक उपभोक्ता मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष यशपाल सिंह ने की, जबकि संचालन प्रांतीय सचिव आशुतोष मिश्र ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत संगठन मंत्र से हुई, जिसे प्रांतीय कोषाध्यक्ष रमाशंकर अवस्थी ने प्रस्तुत किया। वहीं, प्रांतीय संगठन मंत्री डॉ. रामप्रताप सिंह ने संगठनात्मक कार्यों का विवरण रखा।

डॉ. प्रमोद पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि बैठकें केवल औपचारिकता न बनें, बल्कि इनके माध्यम से संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप ठोस कार्य किए जाएं। उन्होंने गैस, पेट्रोल जैसी आवश्यक वस्तुओं को लेकर फैल रही अफवाहों और संभावित कालाबाजारी पर चिंता जताई और कार्यकर्ताओं से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक, बिजली समस्याएं, निजी स्कूलों की फीस और मंडी व्यवस्था जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया है, जिस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।

संगठन मंत्री डॉ. रामप्रताप सिंह ने बताया कि 1974 से सक्रिय यह संगठन उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, ज्वेलरी में बीआईएस हॉलमार्किंग, बैंक जमा पर 5 लाख तक की गारंटी, ऑनलाइन गेमिंग नियम और रेरा कानून जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर कार्य कर चुका है। वर्तमान में एमआरपी से जुड़े मुद्दों पर काम किया जा रहा है।
प्रांतीय सचिव आशुतोष मिश्र ने पिछले तीन महीनों की गतिविधियों का ब्यौरा देते हुए बताया कि दिसंबर में प्रांतीय अभ्यास वर्ग, ग्राहक जागरण पखवाड़ा, स्वामी विवेकानंद जयंती कार्यक्रम, उच्च न्यायालय लखनऊ में बैठक और अयोध्या प्रवास जैसे कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए।
बैठक में आगामी 4-5 अप्रैल 2026 को हरिद्वार में होने वाली राष्ट्रीय साधारण सभा में प्रांत से 12 कार्यकर्ताओं के शामिल होने की जानकारी भी दी गई।
इस दौरान संगठन में नई जिम्मेदारियों की घोषणा भी की गई। महानगर इकाई में सुधाकर और हरिशंकर सैनी को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया, जबकि लखनऊ जिला इकाई में उदय नारायण सिंह, शंकर सिंह, राकेश सिंह, कृष्ण पाल सिंह, विजय प्रताप सिंह और राजेश सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अलावा, जी.डी. शुक्ल को भारतीय जनता पार्टी का उपाध्यक्ष बनाए जाने पर संगठन की ओर से सम्मानित किया गया।
अध्यक्षीय संबोधन में यशपाल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय चुनौतियों से भरा है और कार्यकर्ताओं को अधिक सतर्क रहकर कार्य करना होगा, ताकि कालाबाजारी और मुनाफाखोरी पर रोक लगाई जा सके।
वरिष्ठ प्रचारक बिंदु माधव जोशी ने संगठन की कार्यशैली को शांतिपूर्ण बताते हुए उपभोक्ताओं को जागरूक करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के साथ हुआ। बैठक में संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



