लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:– उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। अब फसल नुकसान की जानकारी देना और बीमा योजनाओं से जुड़ी जानकारी हासिल करना पहले से आसान हो गया है। सरकार ने किसानों के लिए कई डिजिटल माध्यम उपलब्ध कराए हैं, जिससे वे तुरंत अपनी समस्या दर्ज करा सकें।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत किसान अब टोल-फ्री नंबर 14447 पर कॉल कर फसल क्षति की सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा किसान ‘क्रॉप-इंश्योरेंस ऐप’ और व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 7065514447 के जरिए भी अपनी जानकारी साझा कर सकते हैं। योजनाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक पोर्टल pmfby.gov.in पर भी विजिट किया जा सकता है।
अधिकारियों से भी ले सकते हैं मदद
यदि किसी किसान को फसल बीमा से संबंधित समस्या आती है, तो वे अपने जिले के उप कृषि निदेशक या जिला कृषि अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही संबंधित बीमा कंपनी के प्रतिनिधि से भी सीधे सहायता ली जा सकती है। सरकार का उद्देश्य है कि आपदा की स्थिति में किसानों को समय पर राहत मिले और बीमा प्रक्रिया सरल बने।
असमय बारिश पर सीएम सख्त
वहीं योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में हुई बेमौसम बारिश से प्रभावित फसलों का संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट रहने और नुकसान का त्वरित आकलन करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को संयुक्त सर्वे कर जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा मिल सके।
जिलाधिकारियों को निर्देश
सीएम ने सभी जिलाधिकारियों को फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लेने और फसल नुकसान का सही आकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें समय पर उचित सहायता उपलब्ध कराई जाए।
सरकार के इन कदमों से उम्मीद है कि आपदा के समय किसानों को राहत पहुंचाने की प्रक्रिया और तेज व प्रभावी होगी।



