दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, इंजन फेल होने से लौटा प्लेन; 150 यात्री सुरक्षित

नई दिल्ली,सर्वोदय न्यूज़:- SpiceJet की दिल्ली से लेह जा रही एक फ्लाइट को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी के चलते वापस लौटना पड़ा। बोइंग 737 विमान में करीब 150 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।

सूत्रों के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान के इंजन नंबर-2 में खराबी आ गई थी। इसके बाद पायलटों ने एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया। विमान को सुरक्षित रूप से Indira Gandhi International Airport पर उतारा गया।

एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी समस्या की पहचान होते ही विमान को वापस दिल्ली बुलाया गया। लैंडिंग के दौरान कॉकपिट में किसी तरह की फायर वार्निंग नहीं मिली। सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया है और उनके लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था की जा रही है।

बताया जा रहा है कि फ्लाइट SG121 ने दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन टेकऑफ के तुरंत बाद क्रू मेंबर्स को तकनीकी गड़बड़ी का संकेत मिला। निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान की लैंडिंग कराई गई। एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां, मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड एहतियातन तैनात रहीं।

हाल के अन्य विमानन घटनाक्रम

इससे पहले 14 फरवरी को IndiGo की डिब्रूगढ़ से कोलकाता जा रही फ्लाइट को बम की धमकी मिलने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। यह विमान Netaji Subhas Chandra Bose International Airport के लिए रवाना हुआ था।

वहीं, 2 दिसंबर को कुवैत से हैदराबाद आ रही इंडिगो फ्लाइट को बम की ईमेल धमकी के बाद मुंबई में उतारा गया था। जांच में यह धमकी फर्जी पाई गई थी। इसके अलावा 12 नवंबर को Air India Express की मुंबई से वाराणसी जा रही फ्लाइट में टॉयलेट में ‘बम’ लिखे कागज मिलने के बाद आपात लैंडिंग कराई गई थी।

फिलहाल स्पाइसजेट के विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। DGCA की ओर से भी मामले पर नजर रखी जा रही है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles