अयोध्या/सर्वोदय न्यूज़:- व्यावसायिक वाहन स्वामियों की सुविधा के लिए संभागीय परिवहन कार्यालय परिसर में विशेष परिवहन मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में वाहन मालिकों को अपने वाहनों का वन टाइम टैक्स (एकमुश्त कर) जमा करने की सुविधा प्रदान की गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ. आर.पी. सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 7500 किलोग्राम तक के व्यावसायिक वाहनों के स्वामी अब एकमुश्त कर जमा कर सकते हैं। इससे उन्हें हर माह कर अदा करने की अनिवार्यता से राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि एकमुश्त कर जमा करने से वाहन स्वामियों को कई लाभ मिलेंगे। मासिक कर भुगतान की झंझट खत्म होगी, बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी, समय और धन की बचत होगी तथा कागजी प्रक्रिया भी सरल हो जाएगी। शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के तहत इस योजना का लाभ उठाया जा सकता है।
मेले में एआरटीओ प्रवर्तन गुलाबचंद, संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) राजीव कुमार तथा वरिष्ठ सहायक सरवर अहमद समेत अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में वाहन स्वामियों और ट्रांसपोर्टरों ने मेले में पहुंचकर योजना की जानकारी प्राप्त की और कर जमा किया।
मेले के दौरान कुल 4,76,000 रुपये का एकमुश्त कर राजस्व के रूप में जमा किया गया। अधिकारियों ने सभी पात्र व्यावसायिक वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाकर अपने वाहनों का वन टाइम टै्स समय से जमा करें।



