लखनऊ में 14–18 मार्च होने वाली धीरेंद्र शास्त्री की श्री हनुमंत कथा रद्द, श्रद्धालुओं में निराशा !

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 14 से 18 मार्च 2026 तक प्रस्तावित श्री हनुमंत कथा को रद्द कर दिया गया है। यह आयोजन हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा कराया जाना था, जबकि कथा वाचन पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सान्निध्य में होना तय था। आयोजन स्थल राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल, हरदोई रोड स्थित वसंत कुंज योजना सेक्टर-1 निर्धारित किया गया था।

जानकारी के अनुसार, लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने प्रशासनिक कारणों से कथा आयोजन की अनुमति निरस्त कर दी, जिसके बाद कार्यक्रम को आधिकारिक रूप से रद्द कर दिया गया। कथा सुंदरकांड पर आधारित होने वाली थी और इसे “दिव्य व भव्य” रूप देने की तैयारियां चल रही थीं। आयोजकों की ओर से शहरवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील भी की गई थी।

कथा रद्द होने से पहले बागेश्वर धाम की ओर से बयान जारी कर श्रद्धालुओं को “जय सियाराम” का संदेश दिया गया था और कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी साझा की गई थी। बताया गया था कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 14 मार्च से 18 मार्च तक लखनऊ में प्रवास करने वाले थे।

कार्यक्रम रद्द होने की खबर फैलते ही श्रद्धालुओं में मायूसी देखी गई। कई भक्तों ने सोशल मीडिया पर अपनी निराशा व्यक्त की और दोबारा आयोजन की मांग की। वहीं, प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए आवश्यक अनुमतियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया।

आयोजकों की ओर से फिलहाल नई तारीखों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। श्रद्धालु अब इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि क्या भविष्य में लखनऊ में श्री हनुमंत कथा का आयोजन फिर से किया जाएगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles