न्यूज़ डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक भयावह और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मक्खनपुर इलाके में रहने वाले राजेश लोधी ने अपने 12 वर्षीय बेटे मयंक की हंसिया से वार कर हत्या कर दी और शव को बक्से में छिपाकर फरार हो गया। घटना का पता तब चला जब बच्चे की मां उर्मिला, जो प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती हैं, स्कूल से लौटकर घर आईं।
जानकारी के अनुसार, राजेश शराब का आदी है और पत्नी के साथ उसके लंबे समय से विवाद चल रहे थे। घटना के दिन बच्चे स्कूल गए थे, बेटी महिमा ट्यूशन के लिए घर से बाहर गई थी। अकेले घर में मौजूद मयंक पर पिता ने अचानक हमला किया और उसे हंसिया से कई जगह वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उसने शव को कपड़ों के नीचे बक्से में छिपा दिया और मौके से फरार हो गया।
मां के लौटने पर घर में खून बिखरा मिला, जिससे उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पूरे इलाके और घर के आसपास तलाशी ली, लेकिन शव तीन घंटे बाद बक्से से बरामद हुआ। पोस्टमॉर्टम में बच्चे के शरीर पर हंसिया के घातक निशान मिले। घटना की सूचना पर एसपी देहात अनुज चौधरी, सीओ अनिवेश कुमार और अन्य पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़े:- Gold & Silver Rate Today: चांदी 2.50 लाख के पार, सोने में भी उछाल
मायके वालों ने आरोपी राजेश के खिलाफ हत्या की तहरीर दी और उसके पैतृक मकान में तोड़फोड़ की। पुलिस आरोपी की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि राजेश शराब का आदी है और वह कई सालों से पारिवारिक विवाद में लिप्त था।
यह मामला उत्तर प्रदेश में घरेलू हिंसा और शराब के दुरुपयोग पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। पुलिस ने पूरे इलाके में खोजबीन तेज कर दी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।



