इस्तीफा देने वाले PCS अफसर अलंकार अग्निहोत्री को शंकराचार्य का बड़ा ऑफर, फोन पर हुई बातचीत

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- ब्राह्मण समाज की अस्मिता और सनातन धर्म से जुड़े मुद्दों को लेकर इस्तीफा देने वाले बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट और PCS अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री को बड़ा समर्थन मिला है। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने उनसे फोन पर बातचीत कर उनके कदम की सराहना की और उन्हें एक अहम जिम्मेदारी का प्रस्ताव भी दिया है।

अलंकार अग्निहोत्री ने गणतंत्र दिवस के दिन अपने पद से इस्तीफा देकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी थी। उन्होंने माघ मेले के दौरान शंकराचार्य और ब्राह्मण बटुकों के साथ हुए कथित अन्याय और यूजीसी के नए एक्ट के विरोध में इस्तीफा देने का ऐलान किया था। साथ ही उन्होंने यूपी सरकार पर ब्राह्मण विरोधी रवैये का आरोप भी लगाया था।

शंकराचार्य और अलंकार के बीच क्या हुई बातचीत?

प्रयागराज में मौनी अमावस्या से अपने शिविर में मौजूद शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने अलंकार अग्निहोत्री से फोन पर संपर्क किया। बातचीत के दौरान अलंकार ने चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।

शंकराचार्य ने कहा कि उनके इस्तीफे की खबर सुनकर मन में दो तरह की भावनाएं हैं—एक ओर दुख है कि इतनी मेहनत से हासिल किया गया पद एक झटके में चला गया, वहीं दूसरी ओर सनातन धर्म और उसके प्रतीकों के प्रति दिखाई गई निष्ठा से पूरा सनातनी समाज प्रसन्न है।

यह भी पढ़े:- आज सरकारी बैंकों में हड़ताल, 5-Day Working की मांग पर कामकाज ठप

सनातन धर्म की सेवा का प्रस्ताव

शंकराचार्य ने अलंकार अग्निहोत्री को धर्म के क्षेत्र में एक बड़ा दायित्व संभालने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि सरकार के दिए पद से भी बड़ा पद सनातन धर्म की सेवा के लिए उन्हें सौंपने की इच्छा है। फोन पर बातचीत के बाद अलंकार अग्निहोत्री ने भी शंकराचार्य से जल्द मुलाकात करने की बात कही।

निलंबन और जांच के आदेश

इस्तीफे के बाद देर रात प्रशासन की ओर से अलंकार अग्निहोत्री को निलंबित कर उनके खिलाफ जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles