न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- हरिद्वार से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव पत्रकारों पर नाराज होती नजर आ रही हैं। यह घटना बसंत पंचमी के दिन गंगा स्नान के बाद की बताई जा रही है, जब उनसे उनके निजी जीवन से जुड़े सवाल पूछे गए।
तलाक से जुड़े सवालों पर भड़कीं अपर्णा यादव
दरअसल, हरिद्वार के वीआईपी घाट पर गंगा स्नान के बाद अपर्णा यादव जैसे ही वहां से लौट रही थीं, तभी कुछ पत्रकारों ने उनके पति प्रतीक यादव द्वारा तलाक से जुड़ा पोस्ट किए जाने को लेकर सवाल पूछने शुरू कर दिए।
अपर्णा यादव ने शुरुआत में सवालों को नजरअंदाज करते हुए आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पत्रकार लगातार सवाल पूछते रहे। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने भी स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी।
‘नहाते वक्त फोटो लेने का आरोप’
लगातार सवालों से नाराज अपर्णा यादव अचानक रुक गईं। उन्होंने पत्रकारों की ओर इशारा करते हुए सुरक्षा कर्मियों से कहा कि इन तीनों की फोटो ली जाए। अपर्णा ने आरोप लगाया कि पत्रकारों ने नहाते वक्त जबरदस्ती उनकी तस्वीरें खींचीं, जो पूरी तरह से अनुचित है।
यह भी पढ़े:- यूपी के श्रमिकों और छोटे व्यापारियों को बड़ी राहत, मिलेगी ₹3000 मासिक पेंशन
उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि इस मामले में कार्रवाई की जा सकती है। उनका यह बयान कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पहले भी विवादों में रह चुकी हैं अपर्णा यादव
गौरतलब है कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की बहू और भाजपा नेता अपर्णा यादव पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में हैं। इससे पहले वह केजीएमयू वीसी ऑफिस विवाद और फिर पति प्रतीक यादव के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में रही थीं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे निजता का उल्लंघन बता रहे हैं, तो कुछ इसे सार्वजनिक व्यक्ति से जुड़े सवालों का अधिकार मान रहे हैं।



