बंगाल में पीएम मोदी ने भरी हुंकार; घुसपैठियों को उनके देश वापस भेजना होगा, TMC पर बरसे

सिंगूर (पश्चिम बंगाल)/सर्वोदय न्यूज़:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के सिंगूर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राज्य में अवैध रूप से रह रहे घुसपैठियों को उनके देश वापस भेजना होगा। पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की जनता अब 15 साल के “जंगल राज” से मुक्ति चाहती है और तृणमूल कांग्रेस के कुशासन से त्रस्त हो चुकी है।

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि राज्य के लोग बदलाव चाहते हैं और आगामी विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल का भविष्य तभी सुरक्षित होगा, जब यहां सुशासन की सरकार बनेगी।

बांग्ला को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिलाने का दावा

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद बांग्ला भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा मिला। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी केंद्र में यूपीए सरकार का हिस्सा रही, लेकिन उस दौरान बांग्ला को यह सम्मान नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि बंगाल और देश के विकास के लिए ‘वंदे मातरम्’ को मंत्र बनाकर आगे बढ़ना होगा।

केंद्र की योजनाएं रोक रही है राज्य सरकार

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचने से रोक रही है। उन्होंने सवाल किया कि जब कोई सरकार जनता के हितों के खिलाफ काम करती है, तो क्या उसे दंड नहीं मिलना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की जनता आने वाले चुनावों में तृणमूल सरकार को करारा जवाब देगी।

शिक्षा व्यवस्था और घुसपैठ का मुद्दा

पीएम मोदी ने कहा कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था भ्रष्टाचार की गिरफ्त में है, जिससे छात्र गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की नौकरियां भ्रष्टाचार की वजह से खतरे में हैं और इसे रोकने के लिए भाजपा को समर्थन देना जरूरी है।

यह भी पढ़े:- यूपी बनेगा देश का सबसे बड़ा हेल्थकेयर और मेडिकल टेक्नोलॉजी हब: सीएम योगी

घुसपैठ के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि फर्जी दस्तावेजों के सहारे बड़ी संख्या में लोग राज्य में रह रहे हैं, जिन्हें तृणमूल कांग्रेस सरकार का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि राज्य और देश की सुरक्षा के लिए ऐसे लोगों को वापस भेजना अनिवार्य हो गया है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles