न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- पड़ोसी देश पाकिस्तान एक बार फिर आतंकवाद को लेकर बेनकाब हुआ है। भारत की बार-बार चेतावनियों के बावजूद पाकिस्तान न सिर्फ आतंकियों को पनाह दे रहा है, बल्कि उन्हें खुलकर भारत के खिलाफ जहर उगलने का मौका भी मिल रहा है। ताजा मामले में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े आतंकी अबू मूसा कश्मीरी का एक भड़काऊ वीडियो सामने आया है, जिसमें वह खुलेआम हिंदुओं की हत्या की धमकी देता नजर आ रहा है।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इसमें दिए गए बयान बेहद गंभीर और उकसाने वाले हैं।
PoK से दिया गया भड़काऊ भाषण
बताया जा रहा है कि यह बयान पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में दिया गया है। वीडियो में अबू मूसा यह कहते हुए सुना जा सकता है कि कश्मीर मुद्दे का समाधान बातचीत या भीख से नहीं, बल्कि आतंकवाद और जिहाद से होगा। वह कहता है कि “आजादी हिंदुओं की गर्दन काटने से मिलेगी” और जिहाद का झंडा उठाने की बात करता है।
वीडियो में आतंकी यह भी दावा करता है कि वह इस तरह की बातें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के सामने भी कह चुका है।
आतंकी की पहुंच पाक सत्ता तक?
सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के मुताबिक, अबू मूसा ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और वरिष्ठ मंत्रियों के समक्ष भी कश्मीर को “जिहाद के जरिए” हल करने की बात कही है। यदि यह दावा सही है, तो यह आतंकियों और पाकिस्तान की सत्ता-व्यवस्था के बीच गहरे संबंधों की ओर इशारा करता है।
हालांकि, हिन्दुस्तान लाइव इस वीडियो या दावों की पुष्टि नहीं करता, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं।
कौन है आतंकी अबू मूसा कश्मीरी?
अबू मूसा कश्मीरी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा एक कुख्यात आतंकी है। वह LeT के सहयोगी संगठन जम्मू-कश्मीर यूनाइटेड मूवमेंट (JKUM) का सीनियर कमांडर बताया जाता है।
यह भी पढ़े:- ईरान की चेतावनियों से बढ़ा तनाव, मिडिल ईस्ट के सैन्य ठिकानों से अमेरिकी सेना की
उसका नाम अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले से भी जोड़ा गया था। सूत्रों के मुताबिक, हमले के दौरान वह आतंकियों को निर्देश दे रहा था। माना जा रहा है कि पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड भी वही था। वह लश्कर के बड़े आतंकी सैफुल्लाह कसूरी का करीबी बताया जाता है।
पाकिस्तानी नेताओं पर भी हमला
अपने भाषण में अबू मूसा ने पाकिस्तानी नेताओं पर भी निशाना साधा। उसने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के नेता इस्लामी सिद्धांतों से भटक चुके हैं और जो जिहाद के लिए प्रतिबद्ध नहीं है, उसे सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। उसने दावा किया कि ऐसे बयान वह पहले भी मुजफ्फराबाद में एक बैठक के दौरान दे चुका है।
भारत की एजेंसियां अलर्ट
इस वीडियो के सामने आने के बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब हाल ही में LeT के शीर्ष कमांडर अबू कताल की पाकिस्तान के सिंध प्रांत में गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
अबू कताल, आतंकी संगठन के संस्थापक हाफिज सईद का करीबी था और जम्मू-कश्मीर में कई बड़े आतंकी हमलों की साजिशों में शामिल रहा है। NIA ने भी राजौरी के ढांगरी गांव में हुए आतंकी हमले की चार्जशीट में उसका नाम शामिल किया है, जिसमें सात निर्दोष लोगों की जान गई थी।
यह पूरा घटनाक्रम एक बार फिर इस बात की ओर इशारा करता है कि पाकिस्तान की धरती से भारत के खिलाफ आतंक फैलाने की कोशिशें लगातार जारी हैं।



