Sunday, May 17, 2026

Buy now

spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

सरकारी विमान से छत्तीसगढ़ पहुंचे बाबा बागेश्वर, पुलिसकर्मी द्वारा पैर छूने पर छिड़ा विवाद

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री उर्फ बाबा बागेश्वर इन दिनों छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। वे भिलाई में आयोजित पांच दिवसीय हनुमंत कथा में भाग लेने के लिए गुरुवार, 25 दिसंबर को राज्य पहुंचे। हालांकि, उनके छत्तीसगढ़ आगमन के तरीके को लेकर अब सियासी और सामाजिक विवाद खड़ा हो गया है।

सरकारी विमान के इस्तेमाल पर सवाल

जानकारी के अनुसार, बाबा बागेश्वर छत्तीसगढ़ सरकार के शासकीय विमान से रायपुर पहुंचे, जिसके बाद वे भिलाई गए। बताया जा रहा है कि उन्हें लाने के लिए राज्य सरकार के एक मंत्री पहले मध्य प्रदेश के सतना गए और वहीं से उसी विमान द्वारा बाबा बागेश्वर को लेकर रायपुर पहुंचे। इस पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सरकारी संसाधनों के उपयोग को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

आलोचकों का कहना है कि धीरेंद्र शास्त्री एक धार्मिक कथावाचक हैं और किसी संवैधानिक पद पर नहीं हैं, ऐसे में निजी धार्मिक कार्यक्रम के लिए सरकारी विमान का इस्तेमाल नियमों के खिलाफ माना जा रहा है।

पुलिसकर्मी द्वारा पैर छूने का वीडियो वायरल

विवाद को और हवा तब मिली जब रायपुर स्थित स्टेट हैंगर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो में एक वर्दीधारी पुलिसकर्मी, जूते उतारकर बाबा बागेश्वर के पैर छूता नजर आ रहा है। इस घटना को लेकर भी सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

लोगों का कहना है कि वर्दी में रहते हुए इस तरह का व्यवहार पुलिस की गरिमा और सरकारी आचार संहिता के खिलाफ है। कई यूजर्स ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए संबंधित पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग की है।

सोशल मीडिया पर उठे संवैधानिक सवाल

सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा कि संविधान का अनुच्छेद 14 समानता का अधिकार देता है। यदि एक धार्मिक कथावाचक को सरकारी विमान की सुविधा दी जा सकती है, तो फिर आम नागरिक, लेखक, कलाकार या सामाजिक कार्यकर्ता को क्यों नहीं? यह फैसला आस्था के आधार पर लिया गया या सत्ता से नजदीकी के आधार पर—यह सवाल उठ रहे हैं।

भिलाई पहुंचने के बाद क्या बोले बाबा बागेश्वर

भिलाई पहुंचने के बाद बाबा बागेश्वर ने मीडिया से बातचीत में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर भारत में ऐसी स्थिति नहीं देखनी है तो हिंदुओं को एकजुट होना होगा। उन्होंने कांकेर की हालिया घटना का भी उल्लेख करते हुए हिंदू समाज की एकता की सराहना की।

यह भी पढ़े:- VIDEO: पीएम मोदी का कार्यक्रम खत्म होते ही लखनऊ में गमले ले गए लोग, सोशल

उन्होंने यह भी कहा कि जब तक भारत हिंदू राष्ट्र नहीं बन जाता, तब तक वे यात्राएं करते रहेंगे और छत्तीसगढ़ की यात्रा अभी बाकी है।

धर्मांतरण पर दिया बयान

धर्मांतरण के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में बाबा बागेश्वर ने कहा कि भारत में धर्मांतरण एक गंभीर समस्या है। उन्होंने इसके पीछे अशिक्षा, अंधविश्वास और आर्थिक तंगी को मुख्य कारण बताया और कहा कि समाज को जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे पूजा-पाठ के नाम पर कराए जा रहे धर्मांतरण के विरोधी हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

1,388FansLike
133FollowersFollow
621SubscribersSubscribe
- Advertisement -[cricket_score]

Latest Articles