न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र को भव्य रूप से सजाया गया था। प्रेरणा स्थल से लेकर आसपास की सड़कों तक फूलों, पौधों, गमलों और हैंगिंग वॉल के माध्यम से हरियाली की खूबसूरत झलक देखने को मिल रही थी।
प्रधानमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम को विशेष बनाने के लिए नगर निगम द्वारा स्थल मार्ग, वसंत कुंज रोड और ग्रीन कॉरिडोर पर बड़ी संख्या में छोटे-छोटे गमले लगाए गए थे। पूरा इलाका सजावट के कारण आकर्षक नजर आ रहा था।
कार्यक्रम खत्म होते ही उजड़ गई सजावट
हालांकि, यह सुंदर सजावट ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी। प्रधानमंत्री के लखनऊ से रवाना होने के कुछ ही समय बाद आसपास के लोग सड़क किनारे लगाए गए गमलों को उठाकर ले जाते दिखाई दिए। बाइक सवारों से लेकर कार में सवार लोग और पैदल राहगीर तक पौधों को अपने साथ ले जाते नजर आए। देखते ही देखते सड़क किनारे की हरियाली गायब होने लगी।
वीडियो हुआ सोशल मीडिया पर वायरल
इस पूरी घटना को वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
View this post on Instagram
वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि लोग बिना किसी रोक-टोक के गमले उठाकर ले जा रहे हैं। हालांकि, इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सरकारी संपत्ति को हुआ नुकसान
प्रशासन द्वारा इन पौधों और सजावटी सामग्री पर भारी खर्च किया गया था, लेकिन कुछ ही समय में उसे नुकसान पहुंचा दिया गया। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
यह भी पढ़े:- यात्रीगण ध्यान दें! आज से रेल यात्रा हुई महंगी, जानें आपकी जेब पर कितना पड़ेगा असर
कई यूजर्स इसे शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे राजधानी लखनऊ की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला करार दे रहे हैं।



