न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश बीजेपी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने के बाद अब योगी सरकार के कैबिनेट विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, राज्य मंत्रिमंडल में जल्द बड़ा फेरबदल हो सकता है और इस दौरान तीसरे उपमुख्यमंत्री की नियुक्ति भी संभव मानी जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि इस अहम पद के लिए पूर्व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैबिनेट विस्तार में छह तक नए मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। फिलहाल योगी सरकार में 54 मंत्री हैं, जबकि मंत्रिमंडल की अधिकतम स्वीकृत संख्या 60 है।
कुछ मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी
बताया जा रहा है कि इस विस्तार के दौरान कुछ मौजूदा मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता भी दिखाया जा सकता है। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी से बगावत कर चुके नेताओं को भी सरकार में जगह मिलने की चर्चा है। ऐसे दो से तीन नेताओं को मंत्री बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
इन नामों पर चल रहा मंथन
पार्टी सूत्रों के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे और नोएडा से विधायक पंकज सिंह को मंत्री बनाए जाने पर गंभीरता से विचार हो रहा है। वहीं, वर्तमान यूपी बीजेपी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को भी एक बार फिर मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।
समाजवादी पार्टी के बागी नेताओं में पूजा पाल, मनोज पांडेय और महेंद्र सिंह के नाम चर्चा में हैं। इसके अलावा सहयोगी दलों राष्ट्रीय लोक दल (RLD) और अपना दल को भी मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व दिए जाने की संभावना है।
भूपेंद्र चौधरी की कैबिनेट में वापसी तय?
पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अब सियासी निगाहें भूपेंद्र चौधरी पर टिकी हैं, जो पश्चिमी यूपी में एक प्रभावशाली जाट नेता के रूप में पहचाने जाते हैं। इससे पहले वे योगी सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
यह भी पढ़े:– पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने CM नीतीश को दी धमकी, कहा–नीतीश माफी मांग लें वरना…,
एक वरिष्ठ बीजेपी नेता के अनुसार, “पूर्व प्रदेश अध्यक्ष को मंत्रिमंडल में शामिल करना पश्चिमी यूपी के जाट समुदाय को साधने के लिहाज से राजनीतिक रूप से अहम कदम हो सकता है। यह इलाका चुनावी दृष्टि से काफी संवेदनशील है।”
गौरतलब है कि अगस्त 2022 में संगठन में प्रदेश अध्यक्ष बनने से पहले भूपेंद्र चौधरी योगी कैबिनेट में पंचायती राज मंत्री थे।
SC समुदाय से तीसरे डिप्टी CM की अटकलें
नए नियुक्त बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी OBC समुदाय से आते हैं। ऐसे में पार्टी सरकार और संगठन के बीच सामाजिक संतुलन बनाने के लिए अनुसूचित जाति (SC) समुदाय से किसी बड़े चेहरे को अहम जिम्मेदारी देने पर विचार कर रही है।
फिलहाल योगी सरकार में दो उपमुख्यमंत्री हैं- केशव प्रसाद मौर्य (OBC), बृजेश पाठक (ब्राह्मण) ऐसी अटकलें तेज हैं कि इस संतुलन को मजबूत करने के लिए SC समुदाय से तीसरे डिप्टी सीएम की नियुक्ति की जा सकती है।



