कांग्रेस नेता का विवादित बयान: ने कहा– ‘आतंकियों का जलवा’, मोदी सरकार पर साधा निशाना

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद उदित राज एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। दिल्ली के लाल किले के पास हुए हालिया धमाके पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने आतंकी हमलों को ‘दहशतगर्दों का जलवा’ करार दे दिया। उदित राज मोदी सरकार पर निशाना साध रहे थे, इसी दौरान यह बयान चर्चा में आ गया।

लाल किले के पास धमाके में 15 की मौत

10 नवंबर की शाम लाल किले के पास खड़ी एक i20 कार में जोरदार धमाका हुआ था। इस हमले में हमलावर समेत 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए। जांच में सामने आया कि यह हमला डॉक्टरों के एक सक्रिय आतंकी मॉड्यूल ने अंजाम दिया। जम्मू-कश्मीर के रहने वाले डॉक्टर-आतंकी उमर नबी ने फिदायीन हमला किया था।

उमर अब्दुल्ला के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए फूटा विवाद

जब उदित राज से जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की सुरक्षा संबंधी टिप्पणी पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा—“स्टेटहुड का वादा किया था, लेकिन बेईमानी हो रही है। कश्मीर को लूटने के लिए रखा गया है और संभल नहीं रहा है।”

इसी दौरान उन्होंने कहा—“जब भी कहते हैं कि आतंकवाद खत्म कर दिया और पाकिस्तान में घुसकर मार दिया, तब-तब आतंकवादी अपना कुछ जलवा दिखा देते हैं।”

बयान पर घिरने के बाद किया सुधार

‘जलवा’ शब्द बोले जाने के बाद उदित राज ने खुद को ठीक करने की कोशिश की और कहा—“मतलब आतंकवादी गतिविधि करके दिखा देते हैं कि आपकी बात में दम नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा—“कुछ दिन पहले ही कहा गया कि जम्मू-कश्मीर के बाहर कहीं हमला नहीं हुआ। लेकिन लाल किले पर ब्लास्ट हो गया। पहले भी कहते थे कि कश्मीर में आतंकवाद खत्म हो गया, फिर पहलगाम में हमला हो गया।”

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles