न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) जल्द ही अपनी नई टाउनशिप परियोजनाओं के लिए रिटायर्ड राजस्व अधिकारियों की व्यापक भर्ती करने जा रहा है। एलडीए बोर्ड की आगामी बैठक 5 दिसंबर को इस प्रस्ताव पर विचार करेगी। योजना के तहत 50 नायब तहसीलदार, तहसीलदार और कानूनगो/लेखपालों को संविदा आधारित नियुक्ति दी जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, विकास प्राधिकरण की सीतापुर रोड, आगरा एक्सप्रेसवे, मोहन रोड और सुल्तानपुर रोड पर नई आवासीय और मिश्रित उपयोग टाउनशिप विकसित करने की योजना है। भूमि अधिग्रहण की वर्तमान धीमी गति को तेज करने के लिए अनुभवी रिटायर कर्मियों को तैनात किया जाएगा। संविदा कर्मियों का काम स्थानीय राजस्व अभिलेखों के सत्यापन, मुआवज़े निर्धारण और जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया को सरल बनाना होगा।
एलडीए का मानना है कि अनुभवी कर्मियों की तैनाती से न केवल कागजी और राजस्व संबंधी औपचारिकताओं में तेजी आएगी, बल्कि जमीन अधिग्रहण से जुड़े विवादों में भी कमी आएगी। शहर के अन्य क्षेत्रों में भविष्य की परियोजनाओं के लिए भी जमीन अधिग्रहण की संभावनाओं को समानांतर रूप से तलाशा जाएगा।
अटल नगर आवासीय योजना: 1 बीएचके के लिए आवेदन 2 दिसंबर तक
एलडीए की अटल नगर आवासीय योजना में आवेदन करने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर, 2025 है। 30 नवंबर तक पंजीकरण पुस्तिका खरीदने वाले आवेदक ही रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। अभी तक 01 बीएचके टाइप-बी के 416 फ्लैटों के लिए केवल 155 आवेदन प्राप्त हुए हैं, इसलिए सभी इच्छुक आवेदकों को फ्लैट मिलने की संभावना है।
यह भी पढ़े:- खुशखबरी! Aadhaar में मोबाइल नंबर बदलने का झंझट खत्म! UIDAI ने
पंजीकरण केवल एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से होगा। इसके लिए फ्लैट की अनुमानित कीमत का 5% पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए यह शुल्क 2.5% है। फ्लैट आवंटन पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के जरिए किया जाएगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि देवपुर पारा में लांच की गई अटल नगर योजना में 12 से 19 मंजिल के 15 टावरों में कुल 2,496 फ्लैट हैं। इनमें 1,832 फ्लैट 01 बीएचके और 664 फ्लैट 02 बीएचके के हैं। फ्लैट का क्षेत्रफल 30 वर्गमीटर से लेकर 54.95 वर्गमीटर तक है और कीमत 9.82 लाख रुपये से शुरू होती है।
अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने कहा कि ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 4 अक्टूबर से 21 नवंबर तक चल रही थी, जिसे बढ़ाकर 2 दिसंबर किया गया है। पंजीकरण पुस्तिका 30 नवंबर तक ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी।



