न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) आधार कार्ड में अब बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। नई व्यवस्था दिसंबर 2025 से लागू की जा सकती है। इस बदलाव के बाद आधार कार्ड का डिज़ाइन पूरी तरह बदल जाएगा और कार्ड पर सीमित जानकारियां ही दिखाई देंगी।
UIDAI के अनुसार नए आधार कार्ड में केवल फोटो और QR कोड रखा जा सकता है, जबकि नाम, पता, जन्मतिथि और बायोमैट्रिक जैसी जानकारी कार्ड पर प्रिंट नहीं होगी। इन संवेदनशील जानकारियों के डिजिटल वेरिफिकेशन की सुविधा नई तकनीक के जरिए मिलेगी।
क्यों किया जा रहा है बदलाव?
UIDAI के सीईओ भुवनेश कुमार ने एक ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस में बताया कि आधार कार्ड की कॉपी या फोटो के गलत उपयोग को रोकने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। अक्सर होटल, सिम कार्ड खरीद या निजी संस्थानों में आधार की फोटोकॉपी जमा करने के बाद डेटा मिसयूज का खतरा बना रहता है।
यह भी पढ़े:- Aaj Ka Rashifal 22 November 2025: जानें कैसा बीतेगा आज का दिन,
नए नियम लागू होने के बाद किसी व्यक्ति या संस्था को आधार की कॉपी देने पर उसके दुरुपयोग की संभावना बेहद कम हो जाएगी।
कैसा होगा नया आधार कार्ड?
UIDAI के अनुसार नई व्यवस्था में आधार कार्ड: सिर्फ फोटो और QR कोड के साथ आएगा, QR कोड को केवल UIDAI के अधिकृत टूल या कस्टम ऐप से ही स्कैन किया जा सकेगा , भविष्य में आधार संख्या (UID) भी कार्ड से हट सकती है | फोटो-आधारित वेरिफिकेशन को धीरे-धीरे समाप्त किया जाएगा | इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि आधार कार्ड पर प्रिंटेड निजी जानकारी कोई भी देख या कॉपी नहीं कर सकेगा।
नया आधार मोबाइल ऐप भी होगा लॉन्च
UIDAI दिसंबर से नया मोबाइल ऐप भी लॉन्च करने की तैयारी में है, जो आधार होल्डर्स को सुरक्षित डिजिटल आइडेंटिटी शेयर करने की सुविधा देगा। इसमें कागज की फोटोकॉपी की जरूरत नहीं पड़ेगी।
ऐप की प्रमुख विशेषताएं:
- एक ही ऐप में परिवार के 5 सदस्यों की जानकारी जोड़ने की सुविधा
- सुरक्षित तरीके से आधार विवरण डिजिटल रूप में शेयर करने की व्यवस्था
- तुरंत काम करने वाला One-Click Biometric Lock/Unlock सिस्टम
- QR कोड आधारित वेरिफिकेशन से फिजिकल कॉपी की जरूरत खत्म
कैसे कम होगा डेटा चोरी का खतरा?
UIDAI के अनुसार आधार कार्ड की बार-बार फोटोकॉपी लेने और विभिन्न स्थानों पर जमा करने से डेटा लीक का खतरा बढ़ जाता है।
नया सिस्टम QR कोड और डिजिटल वेरिफिकेशन पर आधारित होगा, जिससे आधार डेटा गलत हाथों में नहीं जाएगा |कार्ड पर कम जानकारी होने से प्राइवेसी और सुरक्षित रहेगी |आधार नंबर हटने पर पहचान चोरी लगभग असंभव हो जाएगी | UIDAI का यह बदलाव आधार को और अधिक सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है।



