न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मतदाताओं के लिए राहत की खबर है। चुनाव आयोग ने अब वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना विवरण खोजने की प्रक्रिया सरल बना दी है। इसके लिए यूपी मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर एसआईआर-2026 (SIR-2026) का अलग आइकॉन जोड़ा गया है। आयोग ने इस नई सुविधा को लेकर एक जागरूकता वीडियो भी जारी किया है।
नए फीचर के माध्यम से मतदाता 2003 की इलेक्ट्रॉल रोल में अपना नाम आसानी से खोज सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर जाकर अपना नाम, पिता का नाम, जिला और विधानसभा क्षेत्र दर्ज करना होगा। जानकारी भरते ही पोलिंग बूथवार मतदाता सूची स्वतः खुल जाएगी। मतदाता अपने साथ-साथ अपने किसी परिचित का नाम भी पुराने रजिस्टर में देख सकेंगे।
एसआईआर की प्रगति की समीक्षा, बीएलओ को चेतावनी
इससे पहले विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) की समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने उन बीएलओ को कड़ी चेतावनी दी, जिन्होंने अभी तक अपने क्षेत्र में मतदाताओं तक गणना प्रपत्र (फॉर्म) नहीं पहुंचाए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि फॉर्म जल्द से जल्द वितरित कराए जाएं।
वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के दौरान सीईओ ने सभी जिलों के डीएम से कहा कि प्रदेश के 15.44 करोड़ मतदाताओं में से 99.57% मतदाताओं को फॉर्म वितरित किए जाने की सूचना मिली है। हालांकि राजनीतिक दलों की ओर से कुछ क्षेत्रों में फॉर्म अब तक नहीं पहुंचने की शिकायतें मिली हैं। इसलिए जिलाधिकारी प्रतिदिन इसकी समीक्षा सुनिश्चित करें।
यह भी पढ़े:- बिहार मंत्रिमंडल में विभागों का बंटवारा: सम्राट चौधरी बने गृह मंत्री, किस पार्टी
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि 4 दिसंबर तक सभी फॉर्म भरवाकर जमा कराना अनिवार्य है। जमा किए गए फॉर्म को संबंधित बीएलओ द्वारा BLO App के माध्यम से ऑनलाइन आयोग को भेजा जाएगा।
भ्रामक सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
सीईओ ने चेतावनी दी कि एसआईआर कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर एसआईआर से जुड़ी किसी भी भ्रामक पोस्ट का तुरंत तथ्यात्मक जवाब दिया जाए। सभी जिलों में—जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और ब्लॉक कार्यालयों में हेल्प डेस्क जल्द स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।



