स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को इतिहास रचते हुए पहली बार आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का खिताब अपने नाम किया। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया ने फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराकर चैंपियन बनी।
फाइनल मुकाबले में शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा के ऑलराउंड प्रदर्शन ने भारत को यह ऐतिहासिक जीत दिलाई। शेफाली ने जहां 87 रन बनाए और 2 विकेट झटके, वहीं दीप्ति शर्मा ने 58 रन बनाने के साथ 5 विकेट लेकर भारत की जीत सुनिश्चित की।
जश्न के बीच सोशल मीडिया पर भारतीय खिलाड़ियों की ट्रॉफी के साथ तस्वीरें खूब वायरल हो रही हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि यह ट्रॉफी जल्द ही टीम इंडिया से वापस ले ली जाएगी?
क्या है ICC का नियम?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईसीसी ने करीब 26 साल पहले एक नियम बनाया था जिसके तहत किसी भी वर्ल्ड कप विजेता टीम को असली ट्रॉफी केवल फोटोशूट और विक्ट्री परेड के लिए दी जाती है। उसके बाद यह ट्रॉफी आईसीसी के दुबई मुख्यालय में वापस ले जाई जाती है और वहां सुरक्षित रखी जाती है।
यह भी पढ़े:- प्रतिका रावल को क्यों नहीं मिला विजेता टीम को दिया जाने वाला मेडल? मंधाना के
विजेता टीम को बाद में उसकी एक रेप्लिका (Replica Trophy) दी जाती है, जो बिल्कुल असली ट्रॉफी जैसी होती है। इस नियम का उद्देश्य ट्रॉफी को चोरी, क्षति या विवादों से बचाना है।
महिला वर्ल्ड कप 2025 ट्रॉफी की खासियत
महिला वर्ल्ड कप 2025 की ट्रॉफी का वजन करीब 11 किलोग्राम और ऊंचाई लगभग 60 सेंटीमीटर है। इसे सोने और चांदी से बनाया गया है। इसमें तीन चांदी के कॉलम हैं, जो स्टंप और बेल्स के आकार में हैं, जबकि शीर्ष पर सोने का ग्लोब है।
ट्रॉफी पर अब तक की सभी विजेता टीमों के नाम खुदे हुए हैं — और इस बार भारत का नाम पहली बार इसमें जुड़ा है।
अब तक के महिला वर्ल्ड कप विजेता
अब तक खेले गए 13 महिला वर्ल्ड कप टूर्नामेंटों में:
- ऑस्ट्रेलिया ने 7 बार
- इंग्लैंड ने 4 बार
- न्यूजीलैंड और भारत ने 1-1 बार खिताब जीता है।
भारत ने ऐसे रचा इतिहास
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 298 रन बनाए।
जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 246 रन पर सिमट गई।
इस जीत के साथ भारत ने महिला क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा और करोड़ों भारतीय प्रशंसकों का सपना पूरा किया।



