बिहार चुनाव 2025: एक करोड़ नौकरियां, मुफ्त बिजली और महिला उद्यमियों को मदद -एनडीए का ‘संकल्प पत्र’ जारी

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने आज अपना घोषणा पत्र, जिसे ‘संकल्प पत्र’ नाम दिया गया है, जारी किया।
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की मौजूदगी में जारी इस संकल्प पत्र में विकसित बिहार का रोडमैप पेश किया गया है।

हर युवा को रोजगार और कौशल विकास

एनडीए ने वादा किया है कि बिहार के हर युवा को नौकरी या रोजगार का अवसर मिलेगा। 1 करोड़ से अधिक सरकारी नौकरियां और रोजगार सृजित किए जाएंगे। प्रत्येक जिले में मेगा स्किल सेंटर स्थापित किए जाएंगे। कौशल जनगणना कराकर युवाओं को कौशल आधारित रोजगार दिया जाएगा।

महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता मिशन

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को ₹2 लाख तक की सहायता राशि दी जाएगी।  1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है। ‘मिशन करोड़पति’ के जरिए चयनित महिला उद्यमियों को करोड़पति बनाने की योजना है।

अति पिछड़ा वर्ग के सशक्तिकरण की योजना

एनडीए ने अति पिछड़े वर्गों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए बड़े कदमों की घोषणा की है। विभिन्न समुदायों को ₹10 लाख तक की सहायता राशि दी जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में समिति गठित कर इन जातियों की स्थिति का मूल्यांकन किया जाएगा।

किसानों के लिए सम्मान निधि और एमएसपी की गारंटी

‘कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि’ के तहत किसानों को हर साल ₹3,000, कुल ₹9,000 सहायता दी जाएगी। हर पंचायत स्तर पर धान, गेहूं, मक्का और दलहन की एमएसपी पर खरीद होगी। कृषि अवसंरचना में ₹1 लाख करोड़ का निवेश किया जाएगा।

मत्स्य और दुग्ध मिशन से ग्रामीण विकास

‘जुब्बा सहनी मत्स्य पालक सहायता योजना’ के तहत हर मत्स्य पालक को ₹9,000 की सहायता मिलेगी। ‘मत्स्य मिशन’ से उत्पादन और निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य। ‘बिहार दुग्ध मिशन’ के तहत प्रखंड स्तर पर चिलिंग और प्रोसेसिंग सेंटर खोले जाएंगे।

इन्फ्रास्ट्रक्चर: एक्सप्रेसवे, रेल और एयरपोर्ट

7 नए एक्सप्रेसवे और 3,600 किमी रेल ट्रैक का आधुनिकीकरण किया जाएगा। अमृत भारत एक्सप्रेस और नमो रैपिड रेल सेवा का विस्तार होगा।  पटना के पास ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट, साथ ही दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर में भी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे बनेंगे।

शहरी विकास और नया ‘सीतापुरम’

‘न्यू पटना’ को ग्रीनफील्ड स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रमुख शहरों में सैटेलाइट टाउनशिप बसाने की योजना।  मां जानकी की जन्मस्थली को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी ‘सीतापुरम’ के रूप में विकसित किया जाएगा।

औद्योगिक मिशन और रोजगार क्रांति

‘विकसित बिहार इंडस्ट्रियल मिशन’ के तहत ₹1 लाख करोड़ निवेश का लक्ष्य। हर जिले में फैक्ट्री और इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित किए जाएंगे। ‘ग्लोबल बैकएंड हब’ के रूप में बिहार को स्थापित कर 50 लाख करोड़ निवेश आकर्षित करने की योजना है।

गरीबों के लिए ‘पंचामृत गारंटी’

हर गरीब परिवार को 125 यूनिट मुफ्त बिजली, मुफ्त राशन, 5 लाख तक मुफ्त इलाज, 50 लाख नए पक्के मकान, और सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जाएगी। बच्चों को केजी से पीजी तक मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। स्कूलों में स्किल लैब और पौष्टिक नाश्ता योजना शुरू की जाएगी।

चुनाव शेड्यूल

बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा — पहला चरण: 6 नवंबर, दूसरा चरण: 11 नवंबर, गिनती: 14 नवंबर , एनडीए में बीजेपी और जेडीयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं, जबकि चिराग पासवान की लोजपा (राम विलास) 29 सीटों, और हम व राष्ट्रीय लोक दल 6-6 सीटों पर मैदान में हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles