न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के स्यावरी गांव में मंगलवार की देर रात एक पति ने शारीरिक संबंध (सेक्स) बनाने से इनकार करने पर अपनी पत्नी को छत से नीचे फेंक दिया। करीब 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
लव मैरिज के बाद टूटा रिश्ता
पीड़िता तीजा ने बताया कि उसने साल 2022 में अपने गांव के मुकेश से लव मैरिज की थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन धीरे-धीरे पति का रवैया बदल गया। मुकेश अक्सर घर से बाहर रहने लगा और जब घर लौटता, तो पत्नी के साथ मारपीट और जबरन संबंध बनाने की कोशिश करता था।
रात में फिर दोहराई दरिंदगी
मंगलवार की रात जब मुकेश ने फिर जबरन संबंध बनाने की कोशिश की, तो तीजा ने विरोध किया। गुस्से में आकर मुकेश ने उसे घर की छत पर ले जाकर नीचे धक्का दे दिया। तीजा के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़े:- हाईकोर्ट में कार्यालय संवर्ग के 274 पदों पर होगी भर्ती, योगी कैबिनेट का फैसला
थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और शिकायत मिलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने कराई थी दोनों की शादी
ग्रामीणों के मुताबिक, शादी से पहले दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे। एक दिन जब दोनों को साथ देखा गया, तो परिजनों और ग्रामीणों ने मंदिर में शादी करा दी थी। लेकिन अब यह रिश्ता हिंसा और प्रताड़ना में बदल गया है।



