स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज़ शुभमन गिल, जिन्हें हाल ही में वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है, रविवार से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज़ में पहली बार कप्तानी करते नजर आएंगे। इस दौरान रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ी उनके नेतृत्व में खेलेंगे।
मैच से पहले पर्थ में मीडिया से बातचीत करते हुए गिल ने बताया कि कप्तान बनने के बाद उनके और रोहित शर्मा के रिश्ते में कोई बदलाव नहीं आया है, बल्कि उन्होंने ‘हिटमैन’ से एक अहम सवाल भी पूछ डाला।“मैंने रोहित भाई से पूछा – अगर आप कप्तान होते, तो इस पिच पर क्या करते? मुझे खिलाड़ियों से सुझाव लेना पसंद है, खासकर उनसे जो काफी अनुभव रखते हैं।”
यह भी पढ़े:- अयोध्या दीपोत्सव 2025: सरयू घाट पर 2100 आर्चकों की भव्य आरती, गिनीज वर्ल्ड…
गिल ने कहा कि वह रोहित और विराट दोनों से लगातार सलाह लेते हैं और जब भी कोई चुनौतीपूर्ण स्थिति आती है, तो वो इन सीनियर खिलाड़ियों के अनुभव का लाभ उठाने से नहीं हिचकिचाते। “विराट और रोहित भाई मेरे आदर्श रहे हैं। उनकी भूख और समर्पण ने मुझे प्रेरित किया है। उनके नेतृत्व में मैंने बहुत कुछ सीखा है और अब उन्हें लीड करना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है।”
धोनी, विराट और रोहित की विरासत को आगे बढ़ाने की चुनौती
गिल ने यह भी कहा कि कप्तानी का यह अवसर बेहद खास और जिम्मेदारी से भरा है। उन्होंने कहा: “एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे महान कप्तानों की विरासत को आगे ले जाना एक बड़ी जिम्मेदारी है। उनके साथ की गई बातचीत और अनुभवों से मुझे टीम को सही दिशा में ले जाने में मदद मिलेगी।”
गौरतलब है कि शुभमन गिल ने हाल ही में अपनी कप्तानी में भारत को टेस्ट सीरीज में जीत दिलाई थी, जिससे उनका आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल मजबूत हुआ है।



