महिला पत्रकारों को लेकर विवाद के बाद अफगान विदेश मंत्री की नई प्रेस कॉन्फ्रेंस, मिला खास न्योता

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज :- भारत दौरे पर आए अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने महिला पत्रकारों को लेकर उठे विवाद के बाद एक बड़ा फैसला लिया है। अब वह एक और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेंगे, जिसमें खासतौर पर महिला पत्रकारों को आमंत्रित किया गया है।

इससे पहले तालिबान प्रतिनिधिमंडल द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता को लेकर यह आरोप लगे थे कि उसमें महिला पत्रकारों को शामिल नहीं किया गया। इस पर विवाद गहराने के बाद तालिबान सरकार और भारतीय विदेश मंत्रालय दोनों की तरफ से स्पष्टीकरण सामने आया था।

तालिबान सरकार की ओर से बयान जारी कर कहा गया था कि पिछली प्रेस कॉन्फ्रेंस में केवल कुछ चुनिंदा पत्रकारों और दूतावास के अधिकारियों को आमंत्रित किया गया था, और महिला पत्रकारों को जानबूझकर बाहर नहीं रखा गया था।

विदेश मंत्रालय ने भी दी सफाई

विपक्ष की आलोचनाओं के बीच भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उस प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन अफगान प्रतिनिधियों ने निजी तौर पर किया था और भारत सरकार का उससे कोई लेना-देना नहीं था।

आगरा यात्रा अचानक रद्द

अफगान विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी की ताजमहल यात्रा भी अंतिम समय में रद्द कर दी गई। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मुत्ताकी रविवार को आगरा में ताजमहल का दौरा करने वाले थे, लेकिन अज्ञात कारणों से यह यात्रा रद्द कर दी गई।

यह भी पढ़े:- मलबा हटाने के दौरान हुआ दूसरा धमाका, एक घायल अयोध्या ब्लास्ट में…

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, उन्हें रविवार दोपहर 11 बजे ताजमहल पहुंचना था और फिर एक घंटे के भ्रमण के बाद आगरा में ही दोपहर का भोजन करके दिल्ली लौटना था। आगरा जिला प्रशासन के प्रोटोकॉल विभाग ने उनके कार्यक्रम के रद्द होने की पुष्टि की है, हालांकि रद्द करने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

इससे पहले शनिवार को मुत्ताकी सहारनपुर के देवबंद स्थित प्रसिद्ध इस्लामी शिक्षण संस्थान दारुल उलूम पहुंचे थे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles