मलबा हटाने के दौरान हुआ दूसरा धमाका, एक घायल,अयोध्या ब्लास्ट में मृतकों की संख्या 6 हुई

न्यूज़ डेस्क/सवोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कल्याण भदरसा गांव के मजरे पगला भारी में हुए भयानक विस्फोट में मृतकों की संख्या छह हो गई है। गुरुवार शाम हुए धमाके में पांच लोगों की मौत हुई थी, जबकि शुक्रवार को मलबा हटाने के दौरान वंदना नाम की युवती का शव बरामद किया गया।

हालात तब और गंभीर हो गए जब मलबा हटाते समय एक और धमाका हुआ, जिसमें एक राजस्व कर्मी (लेखपाल) घायल हो गया। स्थानीय प्रशासन और एफएसएल, बम निरोधक दस्ता, एसडीआरएफ की टीमें मौके पर जांच में जुटी हैं।

घटनाक्रम का पूरा विवरण:

  • पहला विस्फोट:
    गुरुवार शाम लगभग 7:30 बजे राम कुमार उर्फ पारसनाथ गुप्ता के घर में तेज धमाका हुआ, जिससे मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया।
  • पहली मौतें:
    मकान मालिक राम कुमार गुप्ता, उनकी बेटी ईशी, बेटे लव व यश और एक मजदूर राम सजीवन निषाद की मौके पर ही मौत हो गई।
  • लापता वंदना का शव मिला:
    मृतकों की सूची में राम कुमार की साली वंदना का नाम भी जुड़ गया है, जिसका शव शुक्रवार को मलबे से मिला
  • दूसरा धमाका:
    मलबा हटाते समय रात करीब 11:15 बजे दोबारा विस्फोट हुआ, जिसमें लेखपाल आकाश सिंह घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।

रहस्य और गहराया, सिलेंडर ब्लास्ट की थ्योरी पर सवाल

स्थानीय प्रशासन की तरफ से रसोई गैस सिलेंडर या प्रेशर कुकर फटने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन ग्रामीणों को यह थ्योरी विश्वसनीय नहीं लग रही।

यह भी पढ़े:- चारधाम यात्रा को मिलेगा नया रूप: केदारनाथ-यमुनोत्री रूट पर विशेष…

मलबे में दोबारा हुए धमाके ने इस संदेह को और बढ़ा दिया है कि घर में कुछ विस्फोटक सामग्री रखी गई थी।

विस्फोट के बाद रुपए और जेवर लूटने की खबरें

धमाके के बाद घर में रखे कैश और जेवरात बिखर गए।  ग्रामीणों के अनुसार, कई लोग सौ, दो सौ और पांच सौ के नोट और जेवरात बीनते देखे गए। कुछ लोग राहत कार्य में लगे रहे, लेकिन कई मौके का फायदा उठा गए।

पुलिस और प्रशासन अलर्ट, IG ने मौके का लिया जायजा

धमाके के बाद आईजी प्रवीन कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज और घटना की गंभीर जांच के निर्देश दिए।

सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि वंदना के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साक्ष्य इकट्ठा कर ब्लास्ट की असली वजह की गहन जांच की जा रही है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles