न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज करीब 16 घंटे के बाद फिर से सक्रिय हो गया है। इस तकनीकी या रणनीतिक घटनाक्रम को लेकर सियासी हलकों में चर्चाएं तेज हैं।
शुक्रवार शाम करीब 6 बजे अचानक अखिलेश यादव का पेज बिना किसी नोटिस के बंद हो गया था, जिससे सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में बेचैनी फैल गई। शुरुआती तौर पर इसे तकनीकी गड़बड़ी माना जा रहा था, लेकिन मेटा (Facebook की पैरेंट कंपनी) की ओर से कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर सपा ने इसे “राजनीतिक साजिश” करार दिया।
सपा का आरोप: यह भाजपा की साजिश
सपा प्रवक्ताओं का कहना है कि यह काम केवल भाजपा जैसी पार्टी ही कर सकती है, जो जन समर्थन में पीछे होने पर डिजिटल हथकंडों का सहारा लेती है। पार्टी ने कहा कि राजनीतिक मतभेद के चलते विचारों की अभिव्यक्ति को बाधित करना लोकतंत्र के खिलाफ है।
पहली पोस्ट में जयप्रकाश नारायण को किया याद
फेसबुक पेज दोबारा एक्टिव होने के बाद अखिलेश यादव ने अपनी पहली पोस्ट में ‘लोकनायक जयप्रकाश नारायण’ को याद किया।
यह भी पढ़े:–शुभमन गिल ने बतौर कप्तान पूरे किए 1000 इंटरनेशनल रन…
उन्होंने लिखा:“सम्पूर्ण क्रांति से मेरा तात्पर्य समाज के सबसे अधिक दबे-कुचले व्यक्ति को सत्ता के शिखर पर देखना है।” इस पोस्ट में उन्होंने पेज बंद किए जाने या किसी भी तरह की प्रतिक्रिया का ज़िक्र नहीं किया।
फेसबुक को भेजा गया मेल, जवाब नहीं आया
सपा सूत्रों के मुताबिक, फेसबुक को ई-मेल के माध्यम से संपर्क किया गया, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संभवतः किसी विरोधी ने कंटेंट को लेकर शिकायत की होगी, जिसके आधार पर यह एक्शन लिया गया हो सकता है।



