न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- तेलुगु सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता विजय देवरकोंडा की कार के एक्सीडेंट की खबर सामने आई है। यह हादसा तेलंगाना के जोगुलम्बा गडवाल जिले में हुआ बताया जा रहा है। राहत की बात यह है कि अभिनेता को किसी प्रकार की चोट नहीं आई है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, इस हादसे को लेकर विजय की टीम की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इस खबर ने फैंस को और ज्यादा बेचैन कर दिया है, खासतौर पर इसलिए क्योंकि महज तीन दिन पहले ही विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की सगाई की खबरें सुर्खियों में थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने एक निजी समारोह में एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई, हालांकि इस बारे में भी दोनों कलाकारों की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई है।
हाल ही में विजय देवरकोंडा अपने परिवार के साथ श्री सत्य साई बाबा की महा समाधि के दर्शन के लिए पहुंचे थे। इस दौरान के कुछ फोटोज और वीडियोज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिनमें विजय की उंगलियों में अंगूठी देखी गई। फैंस का मानना है कि यह उनकी सगाई की पुष्टि हो सकती है।
यह भी पढ़े:- फिर टूटी परंपरा, शरद पूर्णिमा पर बांके बिहारी मंदिर में 45 मिनट…
विजय और रश्मिका की जोड़ी को दर्शकों ने फिल्म ‘गीत गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ में खूब पसंद किया। इन फिल्मों के बाद से ही दोनों के रिलेशनशिप की अफवाहें लगातार चर्चा में बनी रही हैं। कई मौकों पर रश्मिका अपने हावभाव और बातों से विजय के प्रति खास लगाव जाहिर करती नजर आई हैं।
विजय देवरकोंडा को हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म ‘किंगडम’ में देखा गया था, जबकि रश्मिका मंदाना की आगामी फिल्म ‘थामा’ 21 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।



