न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कोलंबिया के एक विश्वविद्यालय में छात्रों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत में लोकतांत्रिक ढांचे पर “हर तरफ से हमला” हो रहा है, जिसे उन्होंने देश के लिए “सबसे बड़ा खतरा” बताया।
राहुल गांधी ने कहा, “भारत विविधताओं वाला देश है – यहां कई धर्म, भाषाएं और परंपराएं हैं। इन सभी को साथ लेकर चलने के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था बेहद जरूरी है, लेकिन वर्तमान में इस पर बड़ा हमला हो रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि भारत के सामने कई चुनौतियां हैं और उनमें सबसे गंभीर लोकतंत्र पर हो रहा हमला है। साथ ही उन्होंने देश में सामाजिक एकता में आई दरारों पर चिंता जताते हुए कहा कि विभिन्न समुदायों और परंपराओं को खुलकर अभिव्यक्ति देने की जरूरत है।
यह भी पढ़े:- India Rich List 2025: भारत में 358 अरबपति, शाहरुख खान भी
राहुल गांधी ने चीन की तानाशाही व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा, “हम चीन जैसा नहीं कर सकते, जहां लोगों को दबाया जाता है। भारत को अपनी विविधता को अपनाकर ही आगे बढ़ना होगा।”
बीजेपी का तीखा पलटवार
राहुल गांधी के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने सख्त आपत्ति जताई है। पार्टी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी को ‘प्रोपेगेंडा लीडर’ करार दिया। उन्होंने लिखा, “राहुल गांधी एक बार फिर विदेश जाकर भारत की छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। वह LoP नहीं, बल्कि LoP – लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा बन चुके हैं। कभी अमेरिका और ब्रिटेन से भारत के मामलों में हस्तक्षेप की मांग करते हैं, और अब कोलंबिया में भारतीय लोकतंत्र पर सवाल उठा रहे हैं।”
बीजेपी नेताओं का कहना है कि विपक्ष के नेता का बार-बार विदेश जाकर देश की आलोचना करना न सिर्फ लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है, बल्कि यह भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाने वाला कदम है।



