उत्तराखंड में फिर कहर: चमोली में बादल फटा, 12 मकान मलबे में दबे, कई लोग लापता

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तराखंड के चमोली ज़िले में बीती रात एक बार फिर प्राकृतिक आपदा ने विकराल रूप ले लिया। बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे, नंदानगर क्षेत्र के फाली कुंतरी, सैंती कुंतरी, भैंसवाड़ा और धुर्मा गांवों के ऊपर अचानक बादल फटने से भारी तबाही मच गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 12 मकान पूरी तरह मलबे में दब चुके हैं। अकेले कुंतरी लंगाफली वार्ड में 6 मकान ध्वस्त हो गए। हादसे में कम से कम 8 लोग लापता हैं, वहीं 2 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

आपको बतादें कि कई घरों का नामोनिशान मिट गया है| लोग रातोंरात बेघर होकर सड़कों पर निकल आए हैं| मोक्ष नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से दहशत का माहौल हो गया |धुर्मा गांव में भी 4-5 मकान बर्बाद हो गए ,सड़कों पर भारी मलबा, बिजली व इंटरनेट बाधित हो गया है |

तहसीलदार राकेश देवली ने पुष्टि की कि प्रशासन की टीमें मौके पर भेजी जा चुकी हैं।SDRF की टीम नंदप्रयाग पहुंच गई है, वहीं NDRF गोचर से रवाना हो चुकी है। CMO ऑफिस के अनुसार, तीन 108 एम्बुलेंस और मेडिकल टीम भेजी गई हैं।

जिला अधिकारी संदीप तिवारी ने बताया:“अब तक 10-12 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। राहत केंद्रों की पहचान हो चुकी है, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है।”

सोशल मीडिया पर वायरल मंजर:

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि नदी अपने उफान पर है, सड़कें टूटी हुई हैं और लोगों में दहशत का माहौल है।

पहले भी हुआ था हादसा:

गौरतलब है कि नंदानगर क्षेत्र में 10 दिन पहले भी बादल फटा था। इस साल का मानसून चमोली जिले के लिए बेहद घातक साबित हो रहा है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles