लखनऊ/सर्वोदय न्यूज: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय (विक्रमादित्य मार्ग) के बाहर एक युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। यह घटना दोपहर करीब 3:35 बजे की है, जब युवक ने अचानक खुद को आग के हवाले कर दिया।
पुलिस और मौजूद लोगों ने बुझाई आग
घटना के तुरंत बाद वहां तैनात पुलिसकर्मियों और सपा कार्यकर्ताओं ने कंबल और पानी की मदद से आग बुझाई और युवक को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
कौन है आत्मदाह करने वाला युवक?
- युवक की पहचान योगेंद्र उर्फ बाबी के रूप में हुई है, जो अलीगढ़ के भुजपुरा इलाके का निवासी है।
- मंगलवार को वह अपनी मुंह बोली बहन शबा परवीन और कुछ अन्य लोगों के साथ लखनऊ पहुंचा था।
रुपयों को लेकर विवाद था वजह
- योगेंद्र का 6 लाख रुपये को लेकर पड़ोसी वसीम और नाजिम से विवाद चल रहा था।
- आरोप है कि दोनों सट्टेबाजी के धंधे से जुड़े हैं और पैसे मांगने पर गाली-गलौज और धमकी दे रहे थे।
- युवक का कहना है कि स्थानीय पुलिस से कोई मदद नहीं मिली, जिससे वह हताश होकर राजधानी पहुंचा।
जांच में क्या पता चला?
इंस्पेक्टर रत्नेश कुमार सिंह (गौतमपल्ली) के अनुसार:“युवक अलीगढ़ का रहने वाला है। मामला रुपये के लेन-देन से जुड़ा है। स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी गई है। यह भी जांच हो रही है कि युवक लखनऊ में किससे मिलने आया था।”
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को ठहराया जिम्मेदार
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा: “निर्मम भाजपा सरकार से हताश होकर एक युवा ने आत्मदाह के द्वारा सरकार को जगाने की जो कोशिश की है, वह बेहद दर्दनाक है। भाजपा सरकार घायल युवक को अच्छे से अच्छा इलाज उपलब्ध कराए और युवक को न्याय प्रदान करे।



