आपदा में बची बच्ची से मिले पीएम मोदी, हिमाचल को मिला ₹1500 करोड़ का राहत पैकेज; पंजाब में भी लिया हालात का जायजा

डिजिटल डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- हिमाचल प्रदेश और पंजाब में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन की तबाही के बाद पीएम नरेंद्र मोदी मंगलवार को दोनों राज्यों के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित लोगों से मुलाकात भी की।

एक साल की निकिता बनी उम्मीद की मिसाल, पीएम मोदी ने गोद में उठाया

हिमाचल की त्रासदी का सबसे भावुक क्षण तब सामने आया जब पीएम मोदी ने मंडी जिले की एक वर्षीय बच्ची निकिता को गोद में लिया। निकिता ने बादल फटने की घटना में अपना पूरा परिवार खो दिया था — पिता, मां और दादी की मौत हो चुकी है, लेकिन वह खुद चमत्कारिक रूप से बच गई।

  • घटना स्थल: तलवाड़ा गांव, मंडी
  • पीड़ित परिवार: रमेश कुमार (31), राधा देवी (24), पूनम देवी (59)
  • बच्ची की उम्र हादसे के समय: 11 महीने
  • प्रधानमंत्री ने निकिता और अन्य प्रभावितों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

हिमाचल को ₹1500 करोड़ की राहत, पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त भी एडवांस में

प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल प्रदेश के लिए ₹1500 करोड़ के राहत पैकेज की घोषणा की, जिसमें शामिल हैं:

  • आपदा राहत कार्यों के लिए विशेष फंड
  • पीएम आवास योजना के तहत क्षतिग्रस्त घरों की मरम्मत
  • नेशनल हाइवेज और मुख्य सड़कों की मरम्मत
  • स्कूलों और सार्वजनिक भवनों के पुनर्निर्माण का आदेश
  • PM-KISAN सम्मान निधि की अगली किस्त अग्रिम रूप से जारी करने का फैसला

हवाई सर्वे के जरिए मुआवजे का आकलन, एक्स (Twitter) पर साझा की जानकारी

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा:”हिमाचल प्रदेश के बाढ़ एवं भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और हालात का जायजा लिया। इस कठिन समय में हम प्रभावितों के साथ पूरी दृढ़ता के साथ खड़े हैं। प्रभावितों की सहायता सुनिश्चित करने के लिए हम निरंतर अपना समर्थन जारी रखेंगे।“

पंजाब में भी हालात का लिया जायजा, राहत पैकेज की घोषणा की संभावना

हिमाचल दौरे के बाद पीएम मोदी ने पंजाब का भी दौरा किया, जहां इस साल आई बाढ़ ने कई जिलों को बुरी तरह प्रभावित किया है। माना जा रहा है कि पंजाब के लिए भी वे जल्द ही विशेष राहत पैकेज की घोषणा कर सकते हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles