एटम बम के बाद अब हाइड्रोजन बम की बारी है, मोदी जनता को चेहरा नहीं दिखा पाएंगे”: पटना में गरजे राहुल गांधी

पटना/सर्वोदय न्यूज़:- कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को पटना में जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में कथित “वोट चोरी” को उजागर करना सिर्फ एटम बम था, अब हाइड्रोजन बम की बारी है। राहुल ने दावा किया कि जल्द ही पूरे देश को सच्चाई का पता चल जाएगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता को चेहरा नहीं दिखा पाएंगे।

“वोट चोरी लोकतंत्र की हत्या”

पटना में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के समापन अवसर पर INDIA गठबंधन के बड़े नेताओं के साथ आयोजित रैली में राहुल गांधी ने कहा:”महादेवपुरा में वोट चोरी का एटम बम फोड़ा था, अब हाइड्रोजन बम लाएंगे। जिन लोगों ने महात्मा गांधी की हत्या की, वही अब संविधान और लोकतंत्र की हत्या करना चाहते हैं। हम उन्हें ऐसा नहीं करने देंगे।”

उन्होंने कहा कि वोट चोरी का मतलब सिर्फ चुनावी अनियमितता नहीं बल्कि जनता के अधिकार, आरक्षण और भविष्य की डकैती है।

‘सबूत के साथ आएंगे’

राहुल ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कागज़ की मतदाता सूचियों की जाँच कर फर्जी वोटर लिस्ट का खुलासा किया है। इस प्रक्रिया में 17 घंटे तक लगातार काम किया गया और आधार व फोटो मिलान कर फर्जीवाड़ा पकड़ा गया।”हमने बेंगलुरु सेंट्रल की विधानसभा सीट में एक लाख से ज्यादा फर्जी वोटर्स की पहचान की है। इससे पूरे देश की आंखें खुलेंगी।”

“राशन कार्ड और जमीन भी छिन रही है”

राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ वोट नहीं चुरा रही, बल्कि आम लोगों की जमीन, राशन कार्ड और अधिकार भी कॉर्पोरेट घरानों को सौंप रही है।”अगर ये लोग सफल हो गए, तो अडाणी-अंबानी को आपकी हर चीज सौंप दी जाएगी।”

बिहार के युवाओं को संदेश

राहुल गांधी ने अपने भाषण में बिहार को एक क्रांतिकारी प्रदेश बताते हुए युवाओं से आह्वान किया:”बिहार ने देश को संदेश दिया है कि हम वोट चोरी नहीं होने देंगे। यह आंदोलन सिर्फ बिहार का नहीं, पूरे भारत का है।” उन्होंने जनसभा में ‘वोट चोर’ के नारे भी लगवाए और INDIA गठबंधन की एकजुटता को दोहराया।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles