गोल्ड पर नहीं लगेगा टैरिफ: भारत को ट्रंप से बड़ी राहत, टैरिफ वॉर से सोना बाहर

न्यूज़ डेस्क/ वॉशिंगटन/नई दिल्ली(सर्वोदय न्यूज़)- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वैश्विक व्यापारिक तनाव के बीच एक बड़ा बयान देते हुए साफ कर दिया है कि सोने (Gold) के आयात पर कोई टैरिफ नहीं लगाया जाएगा। ट्रंप ने यह ऐलान ऐसे समय में किया है जब उन्होंने हाल ही में भारत, ब्राजील और रूस जैसे देशों पर 50% टैरिफ लगाने का आदेश दिया था। इस फैसले के बाद सोने की कीमतों में अस्थिरता देखी जा रही थी।

टैरिफ पर चल रही थी अटकलें

पिछले कुछ दिनों से यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि सोने के आयात पर भी भारी भरकम टैरिफ लगाया जा सकता है। अमेरिकी कस्टम और बॉर्डर प्रोटेक्शन विभाग की कुछ रिपोर्ट्स से यह आशंका और गहरी हो गई थी, जिससे वैश्विक बाजारों में सोने की कीमतें चढ़ गई थीं।

ट्रंप का बयान: “सोने पर टैरिफ नहीं लगेगा”

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर एक संक्षिप्त पोस्ट में कहा,”Gold will not be subjected to tariffs.” उनके इस बयान के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि गोल्ड आयात पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाया जाएगा। हालांकि ट्रंप ने इस संबंध में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन बाजार ने इस बयान को राहत की खबर के रूप में देखा है।

 भारत-रूस से बढ़ती तल्खी के बीच राहत

डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ दिनों पहले यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया था कि भारत और अन्य देशों को रूस से तेल खरीदने की कीमत चुकानी होगी, और इसके तहत 50% टैरिफ का ऐलान कर दिया गया था। इस फैसले के बाद से भारत-अमेरिका व्यापारिक रिश्तों में तनाव की स्थिति बन गई थी।

सोने की कीमतों पर असर संभव

अब जबकि ट्रंप ने साफ कर दिया है कि सोना टैरिफ लिस्ट से बाहर रहेगा, तो इसकी कीमतों में स्थिरता आ सकती है। यह फैसला भारत जैसे सोने के बड़े आयातक देशों के लिए एक बड़ी राहत मानी जा रही है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles