वाराणसी/ :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर‘ की सफलता को भगवान महादेव को समर्पित करते हुए इसे अपने एक पुराने वादे की पूर्ति बताया। प्रधानमंत्री ने यह प्रतिक्रिया जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में चलाए गए जवाबी ऑपरेशन पर दी, जिसमें 26 श्रद्धालुओं की निर्मम हत्या के बाद भारत ने दुश्मनों को करारा जवाब दिया।
PM मोदी बोले: “मैंने वचन दिया था, महादेव की कृपा से निभाया”
प्रधानमंत्री ने अपने भावनात्मक संबोधन में कहा:“यह हमला मेरे लिए बेहद पीड़ादायक था, खासकर उन महिलाओं के लिए जिनके सुहाग उजड़ गए। मैंने तब वादा किया था कि उनकी मांग का सिंदूर मिटने नहीं दूंगा। महादेव की कृपा से ऑपरेशन सिंदूर के जरिए वह वादा आज पूरा हो गया है।”
मोदी ने कहा, “यह नया भारत भोलेनाथ को भी पूजता है और देश के दुश्मनों के सामने काल भैरव भी बन जाता है।”
“भारत पर वार करने वाला पाताल में भी नहीं बचेगा”
प्रधानमंत्री ने कहा कि “शिव का एक रूप कल्याण है, तो दूसरा रौद्र है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुनिया ने भारत के उसी रौद्र रूप को देखा। भारत अब आतंकवाद का जवाब सीमाओं पर नहीं, उसके अड्डों पर देता है।”
विपक्ष पर तीखा हमला: “कांग्रेस और सपा को आतंकियों से सहानुभूति”
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा: “पाकिस्तान के आका रो रहे हैं, लेकिन हमारे देश में भी कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। कांग्रेस और सपा के नेता आतंकियों की मौत पर सवाल उठा रहे हैं। ये वही लोग हैं जो यूपी की सत्ता में रहते हुए आतंकियों को क्लीन चिट देते थे।”
उन्होंने यह भी कहा कि “कांग्रेस ने ऑपरेशन सिंदूर को तमाशा कहा है। क्या सिंदूर, जो किसी स्त्री की पहचान है, तमाशा हो सकता है?”
काशी में भोजपुरी में संबोधन, जनता ने किया भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री ने वाराणसी की जनता को भोजपुरी में संबोधित करते हुए कहा:“हम काशी के हर परिवार-जन के प्रणाम करत हईं।”जनसमूह ने भारी तालियों और “हर हर महादेव” के नारों के साथ उनका स्वागत किया।



