नई दिल्ली/सर्वोदय न्यूज़:- लोकसभा में मंगलवार को पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर करारा तंज कसा। उन्होंने एक शेर के जरिए बीजेपी की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा:“मैं दुनिया को मनाने में लगा हूं, मेरा घर मुझसे रूठा जा रहा है।” अखिलेश ने यह शेर दो बार दोहराया और कहा कि यह लाइनें उन्होंने खासतौर पर सत्ता पक्ष के लिए कही हैं।
BJP की विदेश नीति और ऑपरेशन सिंदूर पर हमला
अखिलेश यादव ने कहा कि विपक्ष को लोग बधाई दे रहे हैं, लेकिन सत्ता पक्ष को नहीं। उन्होंने मीडिया कवरेज पर तंज कसते हुए कहा,”कुछ चैनल तो यह तक कहने लगे कि कराची हमारा हो गया है। किसी ने कहा कि हमने उन्हें पकड़ भी लिया।” उन्होंने आरोप लगाया कि BJP सरकार पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) को लेकर बड़ी बातें करती है, लेकिन जब मौका आया तो सीजफायर की घोषणा कर दी।
“सीजफायर किसके कहने पर हुआ?”
अखिलेश यादव ने सरकार से सीधा सवाल किया:“सीजफायर किस दबाव में हुआ? किसके कहने पर हुआ?”उन्होंने व्यंग्य में कहा,“आपके मित्र ही सीजफायर की घोषणा कर देते हैं, जैसे आपको इससे कोई लेना-देना नहीं।” उन्होंने यह भी जानना चाहा कि क्या सरकार ऐसे कदम उठा रही है जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हो।
पुलवामा और खुफिया तंत्र पर भी सवाल
अखिलेश ने पुलवामा हमले की चर्चा करते हुए इंटेलिजेंस फेल्योर का मुद्दा उठाया और पूछा,“इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? खुफिया एजेंसियां लगातार क्यों फेल हो रही हैं?”
सपा प्रमुख ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि “आजादी के अमृतकाल का ढिंढोरा पीटा जा रहा है, और विदेशी ताकतें दावा कर रही हैं कि युद्ध उन्होंने रुकवाया।” उन्होंने कहा कि इससे देश की संप्रभुता और स्वतंत्र निर्णय क्षमता कमजोर होती है।
“पाकिस्तान के पीछे कौन है? चीन से भी खतरा!”
अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि सरकार साफ तौर पर बताए कि पाकिस्तान के पीछे कौन-सा देश खड़ा है? क्या सरकार को चीन से भी उतना ही खतरा महसूस होता है जितना आतंकवाद से?
सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल
उन्होंने कहा कि सरकार की राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक नीतियों में गंभीर खामियां हैं। आर्थिक मोर्चे पर सरकार को पूरी तरह विफल बताते हुए अखिलेश ने आत्मनिर्भर भारत के नारे की सच्चाई पर सवाल उठाए।



